April 4, 2026
Entertainment

गैरी संधू बर्थडे: यूके से डिपोर्ट और आठ साल के बैन के बावजूद नहीं हारे सिंगर, ‘इलीगल वेपन’ से मिली नई पहचान

Garry Sandhu Birthday: Despite being deported from the UK and an eight-year ban, the singer remains undeterred; his song “Illegal Weapon” found new recognition.

4 अप्रैल । कहते हैं कि भाग्य से बड़ा कुछ नहीं होता है। भाग्य में जो लिखा होता है, वो मिलता ही है और भाग्य उसके अनुसार रास्ते भी खोलता है। ऐसा ही कुछ पंजाबी सिंगर गैरी संधू के साथ हुआ।

गैरी संधू कभी सिंगर नहीं बनना चाहते थे और न ही उन्होंने संगीत करियर बनाने का सपना देखा था। घर में बाकी सिंगर्स के गानों को सुनते और समझते हुए उनका संगीत की तरह रुझान बढ़ा और आज वे ग्लोबल सिंगर बनकर फैंस के दिलों पर राज कर रहे हैं। 4 अप्रैल को सिंगर अपना 42वां जन्मदिन मनाएंगे।

जालंधर के रुरका कलां गांव के मूल निवासी गैरी संधू पढ़ाई में कमजोर थे और पिता एक ड्राइवर थे। परिवार संपन्न नहीं था और आमदनी कम होने की वजह से परिवार को आर्थिक तंगी का भी सामना करना पड़ा। परिवार की परेशानियों को देखते हुए ही गैरी ने गायन में कुछ करने का सोचा। सिंगर पढ़ाई में पहले से कमजोर थे तो गायन में करियर बनाने का रास्ता खोजने लगे।

संधू घर में रेडियो पर गाना सुनते थे और फिर कई धार्मिक स्थलों पर जाकर गाते थे। सिंगर ने कविश्री शैली सीखने का फैसला किया और 13 साल की उम्र में गुरदीप सिंह से पंजाब के लोकगीत को सीखा, जिसके बाद बेहतर भविष्य और पैसे की तलाश ने उन्हें इंग्लैंड जाने पर मजबूर कर दिया। 10वीं कक्षा के बाद गैरी ने आगे पढ़ाई नहीं की और पढ़ाई के बदले काम को चुना।

इंग्लैंड में उन्होंने जीवन यापन करने के लिए कई अलग-अलग तरह के काम किए और पैसा जमा होने पर पहली बार साल 2010 में ‘मैं नी पींदा’ गाना रिलीज किया। इस गाने में पंजाबी वाइब और भांगड़ा स्टाइल ने फैंस को अपना दीवाना बना दिया, हालांकि इसी के साथ सिंगर को साल 2011 में भारत वापस भेज दिया गया। गैरी संधू पर यूके में अवैध रूप से रहने के आरोप लगे। उन्हें डिपोर्ट कर भारत भेज दिया गया। तब तक सिंगर के चार नए गाने रिलीज हो चुके थे और गैरी काफी पॉपुलर हो चुके थे।

इंग्लैंड से भारत आना सिंगर के लिए बड़ा झटका था, क्योंकि उन्हें सिर्फ डिपोर्ट नहीं किया गया था, बल्कि 8 साल का बैन भी लगाया गया था। भारत में रहकर डिप्रेशन महसूस करने लगे थे, लेकिन उनकी मां ने उनका हौसला बढ़ाया। साल 2017 में जैस्मीन सैंडलस के साथ गैरी का ‘इलीगल वेपन’ और ‘बेबी’ सुपरहिट रहा। इसके बाद उन्हें फिल्मों में गानों के ऑफर आने लगे। उन्होंने ‘दे दे प्यार दे’ के लिए ‘हौली हौली’ और वरुण धवन और श्रद्धा कपूर स्टारर ‘स्ट्रीट डांसर 3D’ में तीन गानों ‘सिप सिप 2.0’, ‘इलीगल वेपन 2.0’, और ‘कमिंग होम’ में अपनी आवाज से फैंस को दीवाना बना दिया। उन्होंने खुद के सिंगल एल्बम भी रिलीज किए।

Leave feedback about this

  • Service