February 25, 2026
National

गौतम बुद्ध नगर: होली से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 200 किलो मिलावटी पनीर नष्ट

Gautam Buddha Nagar: Food department takes major action before Holi, destroys 200 kg of adulterated cheese

25 फरवरी । आगामी होली पर्व को देखते हुए जनपद गौतम बुद्ध नगर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम लगातार बाजारों, डेयरियों, मिठाई की दुकानों और रेस्टोरेंटों पर छापेमारी कर रही है।

इसका उद्देश्‍य आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा के नेतृत्व में बुधवार सुबह तड़के टीम ने ग्रेटर नोएडा के तिलपता स्थित चौधरी पनीर भंडार पर छापा मारा।

जांच के दौरान प्रतिष्ठान पर करीब 200 किलोग्राम पनीर पाया गया। प्रथम दृष्टया पनीर दूषित एवं मिलावटी प्रतीत होने पर टीम ने तत्काल उसका एक नमूना जांच के लिए संग्रहित किया। शेष लगभग 200 किलोग्राम पनीर को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, खराब पनीर को नाले में फेंका गया ताकि वह दोबारा बाजार में न पहुंच सके। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता और सय्यद इबादुल्लाह ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसके पांडेय और ओपी सिंह की टीम ने नोएडा सेक्टर-45 स्थित गणेश्वरम रेस्टोरेंट से खोया का एक नमूना लिया। वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार और विजय बहादुर पटेल की टीम ने सेक्टर-93 स्थित गोपाला स्वीट से भी खोया का एक नमूना जांच के लिए संग्रहित किया।

इस प्रकार कुल तीन नमूने प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने बताया कि प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद यदि नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान मिलावट की शिकायतें बढ़ जाती हैं, इसलिए विभाग पूरी सतर्कता के साथ अभियान चला रहा है। विभाग ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि मिलावटी या मानकविहीन खाद्य पदार्थों की बिक्री किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि संदिग्ध खाद्य पदार्थों की सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave feedback about this

  • Service