April 28, 2026
National

रीवा में अपने स्कूल पहुंचे जनरल उपेंद्र द्विवेदी, भावनात्मक पल साझा किए

General Upendra Dwivedi visits his school in Rewa, shares emotional moment

भारतीय थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने सैनिक स्कूल रीवा का दौरा किया है। इस सैनिक स्कूल से जनरल द्विवेदी का गहरा जुड़ाव रहा है। दरअसल, उन्होंने इस सैनिक स्कूल से पढ़ाई की है। सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने मंगलवार को अपने पुराने स्कूल सैनिक स्कूल रीवा का दौरा कर भावनात्मक पल साझा किए। यह दौरा उनके लिए गर्व और स्मृतियों से भरा रहा, क्योंकि यहीं से उनके अनुशासन, साहस और नेतृत्व की यात्रा की शुरुआत हुई थी।

अल्मा मेटर पहुंचकर सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने स्कूल परिसर में स्थित मेमोरियल पर श्रद्धांजलि अर्पित की। सेना प्रमुख ने कैडेट्स द्वारा दिए गए गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने स्कूल के शिक्षकों और कैडेट्स की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे इस महत्वपूर्ण संस्थान की श्रेष्ठ परंपराओं को आगे बढ़ा रहे हैं।

उन्होंने स्कूल के गलियारों में एक बार फिर चलते हुए अपने पुराने अनुभव साझा किए और युवा कैडेट्स को प्रेरित किया कि वे ईमानदारी, समर्पण और राष्ट्र के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ें।

बता दें कि सैनिक स्कूल सरीखे संस्थान देश के सैन्य लीडर्स को तैयार करने की आधारशिला रखते हैं। सेना प्रमुख का यह दौरा गुरु-शिष्य परंपरा, कृतज्ञता और संस्थान की विरासत को सम्मान देने का प्रतीक भी रहा।

वहीं, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान ने आर्मेनिया के जनरल स्टाफ प्रमुख से मुलाकात की है। आर्मेनिया के जनरल स्टाफ प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एडवर्ड अस्रयान भारत यात्रा पर आए हुए हैं। जनरल अनिल चौहान ने उनके साथ महत्वपूर्ण वार्ता की। इस यात्रा के दौरान जनरल एडवर्ड को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और दोनों सैन्य अधिकारियों के बीच रक्षा सहयोग को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में भारत और आर्मेनिया के बीच रक्षा संबंधों को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।

दोनों पक्षों ने सैन्य उपकरणों के संयुक्त विकास के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया। यह वार्ता भविष्य में मजबूत, आधुनिक और परस्पर लाभकारी रणनीतिक साझेदारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। बता दें कि आर्मेनिया भारतीय रक्षा उपकरणों में विशेष दिलचस्पी दिखाता रहा है।

Leave feedback about this

  • Service