N1Live National गाजियाबाद : फ्लैट में लगी आग, फायर सर्विस ने चार लोगों को बचाया, तीन पालतू कुत्तों की मौत
National

गाजियाबाद : फ्लैट में लगी आग, फायर सर्विस ने चार लोगों को बचाया, तीन पालतू कुत्तों की मौत

Ghaziabad: Fire breaks out in flat, fire service rescues four people, three pet dogs die

गाजियाबाद की अवंतिका कॉलोनी फेस-2 स्थित एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के दौरान एक ही परिवार के चार सदस्य फ्लैट में फंस गए, जिन्हें फायर सर्विस की तत्परता और सूझबूझ से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, फ्लैट में मौजूद तीन पालतू कुत्तों की दम घुटने से मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब 3:09 बजे कोतवाली फायर स्टेशन को सूचना मिली कि अवंतिका कॉलोनी में एक फ्लैट में आग लग गई है और कुछ लोग अंदर फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली घंटाघर फायर स्टेशन से दो फायर टेंडर तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए। घटनास्थल फायर स्टेशन से लगभग 8 किलोमीटर दूर था। फायर कर्मियों ने रास्ते में ही फ्लैट में फंसे लोगों से फोन पर संपर्क स्थापित किया और उन्हें सुरक्षित रहने के लिए फ्लैट की बालकनी में जाने तथा वहां इंतजार करने के निर्देश दिए।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी को भी तत्काल घटना की जानकारी दी गई। करीब 3:20 बजे फायर सर्विस की टीम अवंतिका फेस-2 स्थित एसके होम्स नामक चार मंजिला इमारत पहुंची। यहां तीसरी मंजिल पर स्थित फ्लैट नंबर-202 में आग लगी हुई थी। फ्लैट के निवासी पवन शर्मा (52 वर्ष), उनकी पत्नी (46 वर्ष), 20 वर्षीय पुत्र और 18 वर्षीय पुत्री धुएं से घिरे बालकनी में खड़े होकर मदद का इंतजार कर रहे थे।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देशन में फायर कर्मियों ने एक्सटेंशन लैडर लगाकर चारों लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद दोनों ओर से हौज लाइन बिछाकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग इतनी भीषण थी कि फ्लैट का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण ड्राइंग रूम या मुख्य दरवाजे के पास हुए संभावित शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है। आग ने ड्राइंग रूम, किचन, स्टोर रूम और एक बेडरूम को अपनी चपेट में ले लिया था। आग बुझाने के बाद जब पूरे फ्लैट की तलाशी ली गई तो अत्यधिक धुएं के कारण परिवार के तीन पालतू कुत्तों की मौत हो चुकी थी।

राहत की बात यह रही कि इमारत के अन्य फ्लैटों और निवासियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा तथा किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। अग्निशमन एवं बचाव अभियान के दौरान स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। आग पर पूरी तरह काबू पाने और कूलिंग ऑपरेशन पूरा करने के बाद फायर सर्विस की टीमें वापस फायर स्टेशन लौट गईं।

Exit mobile version