N1Live Entertainment बच्चों को अपने सपने जीने का मौका दें, माता-पिता के सपने उन पर न थोपें : सुनील शेट्टी
Entertainment

बच्चों को अपने सपने जीने का मौका दें, माता-पिता के सपने उन पर न थोपें : सुनील शेट्टी

अभिनेता सुनील शेट्टी इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘नन्हे दिल’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म का ट्रेलर हाल ही में रिलीज किया गया है, जिसमें बचपन की मासूमियत, बराबरी और सपने देखने की आजादी की झलक दिखाई गई है। फिल्म में वह एक प्रतिष्ठित स्कूल के प्रिंसिपल की भूमिका निभा रहे हैं। उनका कहना है कि यह फिल्म बच्चों, समान अवसरों और हर किसी के बेहतर भविष्य से जुड़ी एक जरूरी बात सामने रखती है।

ट्रेलर के मुताबिक, फिल्म की कहानी रघु नाम के एक होनहार बच्चे के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसके पिता धोबी का काम करते हैं। रघु की प्रतिभा को पहचानने वाला स्कूल का प्रिंसिपल उसे आगे बढ़ने का अवसर देता है।

फिल्म यह दिखाने की कोशिश करती है कि सही मौका और प्रोत्साहन मिलने पर सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियां किसी बच्चे की राह में रुकावट नहीं बननी चाहिए।

फिल्म को लेकर सुनील शेट्टी ने कहा, ”फिल्म ‘नन्हे दिल’ बच्चों के बारे में है। यह फिल्म हर किसी को बराबरी के अवसर देने और इस बात का ध्यान रखने की बात करती है कि सभी सहज और सुरक्षित महसूस करें। इसकी कहानी में एक खूबसूरत संदेश है और यह आज के माता-पिता के लिए आंखें खोलने वाली साबित हो सकती है।”

उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी बराबरी में विश्वास रखती है। बच्चों को अपने सपने पूरे करने चाहिए, न कि अपने माता-पिता के सपनों के मुताबिक जिंदगी जीनी चाहिए।

सुनील ने कहा, ”मैं चाहता हूं कि मेरे बच्चे अपने सपने जिएं, मेरे नहीं। आज के माता-पिता ईमानदारी को महत्व देते हैं और अपने माता-पिता के साथ-साथ बच्चों की देखभाल को भी जरूरी समझते हैं। इस पीढ़ी को मेरा सलाम है।”

सुनील ने बताया कि उन्होंने इस फिल्म को इसकी सरल और खूबसूरत कहानी की वजह से चुना। उनके मुताबिक, ”मैंने यह फिल्म इसलिए की, क्योंकि इसकी कहानी कहने का अंदाज बहुत सीधा और सहज है। मुझे खुशी है कि ऐसी कहानियों को भी सुना जा रहा है और उन्हें दुनियाभर के मंच मिल रहे हैं।”

फिल्म की शूटिंग महज 37 दिनों में पूरी की गई है। अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के लिए इसे ‘फ्लाई हाई लिटिल हार्ट्स’ नाम दिया गया है। हाल ही में फिल्म की स्क्रीनिंग टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में भी हुई।

‘नन्हे दिल’ को श्रीनाथजी हॉस्पिटैलिटी और नाइनफोल्ड पिक्चर्स प्रस्तुत कर रहे हैं। यह नवरस एंटरटेनमेंट की प्रोडक्शन है। फिल्म के निर्माता सौम्य जैन, श्रिया तोरणे, ध्रुव करुणाकर और ऐश्वर्या यादव हैं। फिल्म की कहानी लिखने के साथ निर्देशन स्वरूप राज मेदारा ने किया है। यह फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Exit mobile version