N1Live Sports ग्लेन फिलिप्स की शतकीय पारी, न्यूजीलैंड के नाम रहा ओवल टेस्ट का दूसरा दिन
Sports

ग्लेन फिलिप्स की शतकीय पारी, न्यूजीलैंड के नाम रहा ओवल टेस्ट का दूसरा दिन

Glenn Phillips' century-filled innings; New Zealand dominates Day 2 of the Oval Test.

 

नई दिल्ली, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच लंदन के केनिंग्टन ओवल मैदान पर खेला जा रहा है। टेस्ट का दूसरा दिन पूरी तरह से न्यूजीलैंड के नाम रहा। पहली पारी में 391 रन बनाने के बाद कीवी टीम के गेंदबाजों ने इंग्लैंड के 6 बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया है।

दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने छह विकेट खोकर 222 रन बना लिए हैं। पहली पारी में इंग्लैंड को बेन डकेट और एमिलियो गे ने सधी हुई शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 45 रन जोड़े। डकेट 25 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 36 रन बनाकर आउट हुए। जैकब बेथेल बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके, और वह महज 9 रन बनाकर नाथन स्मिथ का शिकार बने। एमिलियो गे ने 114 गेंदों का सामना करते हुए 53 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में गे ने 9 चौके लगाए।

कप्तान जो रूट ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन वह अपनी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। रूट को 46 रनों के स्कोर पर मैट हेनरी ने पवेलियन भेजा। विकेटकीपर बल्लेबाज जेम्स रेव 24 रन बनाकर आउट हुए। दिन का खेल खत्म होने पर जोर्डन कॉक्स 22 और जोफ्रा आर्चर बिना खाता खोले क्रीज पर डटे हुए हैं। गेंदबाजी में न्यूजीलैंड की तरफ से मैट हेनरी और विलियमस ओ’रूर्के ने दो-दो विकेट चटकाए। वहीं, नाथन स्मिथ ने एक विकेट अपने नाम किया।

इससे पहले, न्यूजीलैंड की पूरी टीम 391 रन बनाकर ऑलआउट हुई। फिलिप्स ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली। उन्होंने 135 गेंदों का सामना करते हुए 100 रन बनाए। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 18 चौके लगाए। वहीं, काइल जेमिसन ने 48 गेंदों में 41 रनों का योगदान दिया। मैट हेरी ने 5 रन बनाए। फिलिप्स ने जेमिसन के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए 87 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई। गेंदबाजी में इंग्लैंड की तरफ से बेथेल ने 3 विकेट चटकाए, जबकि जोफ्रा आर्चर और मैथ्यू फिशर ने दो-दो विकेट निकाले।

 

Exit mobile version