June 9, 2026
National

हकीकत जानने के लिए आम लोगों के बीच जाइए, उज्ज्वला योजना में सब्सिडी कटौती पर मनोज झा की सरकार को सलाह

Go among the common people to know the truth, Manoj Jha’s advice to the government on subsidy cuts in the Ujjwala scheme.

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद मनोज झा ने केंद्र सरकार की तरफ से शुरू की गई उज्ज्वला योजना में किए गए बदलाव पर तीखी प्रतिक्रिया दी। अब इस योजना के तहत साल में सिर्फ 4 सिलेंडरों पर ही सब्सिडी प्राप्त होगी, जबकि योजना की शुरुआत में इसकी संख्या 12 थी, जिसे घटाकर पहले 9 और अब 4 कर दिया गया। इसी लेकर मंगलवार को राजद सांसद ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत की।

मनोज झा ने कहा कि आखिर यह सरकार क्या कर रही है? कार्यशैली से यह साफ जाहिर हो रहा है कि यह सरकार अब पूरी तरह से विलीन हो चुकी है, जिसे जनता के हितों से कोई सरोकार नहीं है। अब उज्ज्वला योजना को ही देख लीजिए। पहले इस योजना के तहत 12 सिलेंडरों पर सब्सिडी मिलती थी, जिसे घटाकर पहले 9 कर दिया गया और इसके बाद चार, लेकिन कोई कुछ नहीं कहेगा। इसके इतर, मीडिया का एक इकोसिस्टम सरकार के पक्ष में तुहरी बजाएगा और कहेगा कि आपकी सुबह में भी जय हो रही है और शाम को भी जय हो रही है।

राजद सांसद ने कहा कि हम इस बात को भूल जा रहे हैं कि आज की तारीख में देश कहां पर खड़ा है? मौजूदा स्थिति को देखते हुए यह कहने में कोई परहेज नहीं होना चाहिए कि आज की तारीख में मध्यम वर्गीय और निम्न मध्यम वर्गीय परिवारों के बीच हाहाकार मचा हुआ है। मेरा अनुरोध है कि आप ऐसे लोगों के बीच में जाइए, वो आपको हकीकत से रूबरू कराएंगे। मेरा तो यही कहना है कि इन लोगों को आम लोगों के बीच में जाकर द्विपक्षीय संवाद स्थापित करना चाहिए।

इसके अलावा, उन्होंने इंडिया ब्लॉक की बैठक को सार्थक बताया। उन्होंने कहा कि यह बैठक काफी सार्थक साबित हुई। हमने कई बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उधर, कांग्रेस की ओर से भी हमें आश्वासन मिला है कि हम आने वाले दिनों में इंडिया गठबंधन के साथ सकारात्मक रवैया बनाकर रखेंगे। सभी दलों के बीच आगामी दिनों में कैसे तालमेल को स्थापित किया जाए, इस दिशा में पूरी रूपरेखा निर्धारित की जा सके, लिहाजा मौजूदा स्थिति को देखते हुए मुझे यह कहने में कोई परहेज नहीं है कि इंडिया ब्लॉक में बहुत ही खुले मन से बात हुई। हमने बातचीत के क्रम में किसी भी बिंदुओं को नजरअंदाज नहीं किया।

Leave feedback about this

  • Service