N1Live National खुशखबरी एएआई ने 39 कंसल्टेंट पदों के लिए बढ़ाई आवेदन की तारीख, अब 11 नवंबर तक मौका
National

खुशखबरी एएआई ने 39 कंसल्टेंट पदों के लिए बढ़ाई आवेदन की तारीख, अब 11 नवंबर तक मौका

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया) में नौकरी करने के इच्छुक लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, एएआई ने भारतीय सशस्त्र बलों (भारतीय थल सेना/भारतीय नौसेना/भारतीय वायु सेना/भारतीय तटरक्षक बल) के सेवानिवृत्त ‘शॉर्ट सर्विस कमीशन’ अधिकारियों को अनुबंध के आधार पर कंसल्टेंट के रूप में 39 पदों पर नियुक्त करने के लिए आवेदन एक विज्ञापन प्रकाशित करके आमंत्रित किए हैं।

एएआई की ओर से कंसल्टेंट पोस्ट के लिए जारी 39 रिक्तियों में पुणे हवाई अड्डा – सतह आवाजाही नियंत्रण (एसएमसी) के लिए में 11, कानपुर हवाई अड्डा में 2, पूर्णिया हवाई अड्डा में 4, गोवा (डाबोलिम) हवाई अड्डा में 15, पोर्ट ब्लेयर हवाई अड्डा (एसएमसी) में 4 और दरभंगा हवाई अड्डा में 3 पद शामिल हैं।

इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन (ईमेल) के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 17 सितंबर से शुरू हो गई और अप्लाई करने की अंतिम तिथि पहले 1 अक्टूबर तक तय की गई थी, जिसे आगे बढ़ाकर अब 11 नवंबर तक कर दिया गया है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरने से चूक गए थे, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे तय नई अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर लें।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री के साथ बेसिक एटीसी कोर्स/एटीएम और एल (बेसिक) और जीसीए/एटीएसएस कोर्स होना चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में कम से कम 5 वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।

आवेदकों की अधिकतम आयु 50 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी एएआई के वेतनमान नियमों के अनुसार होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एएआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां संबंधित पदों के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक ही पीडीएफ फाइल में स्कैन कर अधिसूचना में दिए गए आधिकारिक ईमेल आईडी पर तय समय सीमा के अंदर मेल कर दें।

कैंडिडेट्स ध्यान दें कि एएआई की ओर से इन अधिकारियों को सलाहकार के रूप में नियुक्त किया जाएगा, जिनका मुख्य कार्य ‘जॉइंट यूजर डिफेंस एयरफील्ड्स’ (संयुक्त उपयोग वाले रक्षा हवाई क्षेत्रों) पर ‘एयर ट्रैफिक सर्विसेज यूनिट’ को सहायता प्रदान करना होगा। वहीं, यह नियुक्ति एक वर्ष की अवधि के लिए अनुबंध आधार पर होगी।

Exit mobile version