N1Live National सरकार महात्मा गांधी के नाम को लोगों के दिलों से हटाने की कोशिश कर रही: कांग्रेस सांसद
National

सरकार महात्मा गांधी के नाम को लोगों के दिलों से हटाने की कोशिश कर रही: कांग्रेस सांसद

Government trying to erase Mahatma Gandhi's name from people's hearts: Congress MP

कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने मनरेगा योजना का नाम बदलने पर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले भाजपा को कांग्रेस पार्टी, जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी से दिक्कत थी, लेकिन आज महात्मा गांधी के नाम से भी उन्हें दिक्कत हो रही है।

कांग्रेस के राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने कहा, “यह चिंता की बात है कि महात्मा गांधी का नाम हटाया गया है। यह भारतीय जनता पार्टी का इतिहास है कि उन्होंने कभी महात्मा गांधी को पसंद नहीं किया। भाजपा को सोचना चाहिए कि महात्मा गांधी सिर्फ एक व्यक्ति नहीं थे, वह एक ‘आस्था’ और ‘विचार’ थे। उनके विचारों का पूरे विश्व में प्रसार हुआ था और कई देशों में स्वराज आया था। ऐसी शख्सियत के नाम को नहीं हटाना चाहिए था।”

रंजीता रंजन ने कहा कि महात्मा गांधी पूरे देश के लिए ‘बापू’ हैं। सरकार महात्मा गांधी के नाम को लोगों के दिलों से हटाने की कोशिश कर रही है। यह शर्मनाक है। इससे सरकार की संकीर्ण मानसिकता दिखाई पड़ती है। उन्होंने कहा, “पहले भाजपा को कांग्रेस पार्टी, जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी से दिक्कत थी, लेकिन आज महात्मा गांधी के नाम से भी उन्हें दिक्कत हो रही है।”

कांग्रेस सांसद ने कहा कि मनरेगा योजना को कांग्रेस पार्टी लेकर आई थी। योजना के जरिए लोगों के लिए 100 दिन का काम लेकर आए थे। बिहार में पलायन में भी कमी हुई थी। अगर सरकार को इसमें संशोधन करना था, तो भ्रष्टाचार पर संशोधन करना चाहिए था। सरकार को 100 दिन की जगह 150 दिन का काम देना चाहिए था। पूरा देश देख रहा है कि सरकार को मनरेगा में भ्रष्टाचार के बारे में चिंता नहीं है। काम के लिए दिन बढ़ाने चाहिए थे, उसकी चिंता नहीं है। सरकार को बस यही चिंता रही कि महात्मा गांधी का नाम हटाया जाए।

इससे पहले, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सरकार से सवाल पूछा कि वे महात्मा गांधी का नाम क्यों हटा रहे हैं? उन्होंने कहा, “महात्मा गांधी इस देश, इतिहास और दुनिया के सबसे बड़े नेता माने जाते हैं। मुझे समझ नहीं आ रहा इसके पीछे इनकी (सरकार की) मंशा क्या है?”

Exit mobile version