N1Live National गुजरात : शॉर्ट सर्किट से 25 स्क्रैप गोदाम में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख
National

गुजरात : शॉर्ट सर्किट से 25 स्क्रैप गोदाम में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख

Gujarat: A short circuit caused a fire in 25 scrap warehouses, burning goods worth lakhs to ashes.

30 मार्च । गुजरात के वापी में रविवार देर रात भीषण आग की घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के करीब 20 से 25 स्क्रैप गोदाम इसकी चपेट में आकर पूरी तरह जलकर खाक हो गए।

जानकारी के अनुसार वलसाड जिला की इस औद्योगिक नगरी के डुंगरी फलिया क्षेत्र में स्थित मदीना मस्जिद के पास अचानक आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। घटना देर रात की बताई जा रही है, जब अधिकांश लोग अपने घरों में थे। अचानक उठती ऊंची-ऊंची लपटों और धुएं के गुबार ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि लगभग आधा किलोमीटर दूर तक इसकी तपिश महसूस की जा रही थी, जबकि करीब 5 किलोमीटर दूर से भी आग की लपटें साफ दिखाई दे रही थीं।

आग लगने की सूचना मिलते ही वापी फायर ब्रिगेड की कई टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। हालांकि, आग की भयावहता के कारण उसे बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। मौके पर पानी के टैंकर और अन्य संसाधनों का भी सहारा लिया जा रहा है।

घटना स्थल पर डुंगरा पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक (पीआई) और उनकी टीम भी तैनात रही। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आसपास के इलाकों को खाली करा लिया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। स्थानीय लोगों में भय और अफरा-तफरी का माहौल देखा गया, वहीं प्रशासन लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटा रहा।

प्राथमिक अनुमान के मुताबिक इस आग में लाखों रुपए का नुकसान हुआ है, क्योंकि स्क्रैप गोदामों में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री मौजूद थी। हालांकि, राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग बुझने के बाद ही सही वजह सामने आ सकेगी। फायर ब्रिगेड के अनुसार शुरुआती जांच में शॉट सर्किट की बात सामने आ रही है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही आग लगने के कारण पता चल जाएगा।

Exit mobile version