N1Live Entertainment ‘देवदास’ और ‘पद्मावत’ के मामले में अगर पहले कार्रवाई होती तो चंद्रधारी सिंह आज जिंदा होते: एआईसीडब्ल्यूए
Entertainment

‘देवदास’ और ‘पद्मावत’ के मामले में अगर पहले कार्रवाई होती तो चंद्रधारी सिंह आज जिंदा होते: एआईसीडब्ल्यूए

Had action been taken earlier in the cases of 'Devdas' and 'Padmaavat', Chandradhari Singh would be alive today: AICWA

फिल्म निर्देशक संजय लीला भंसाली की अपकमिंग फिल्म ‘लव एंड वॉर’ के सेट पर हुए हादसे के बाद विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। मुंबई फिल्मसिटी के पास रॉयल पंप स्टूडियो में 17 जून को शूटिंग के दौरान 42 वर्षीय कारपेंटर चंद्रधारी सिंह यादव की करंट लगने से मौत हो गई थी। यह हादसा कथित तौर पर शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ, जिसके बाद फिल्म सेट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस मामले पर अब ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और संजय लीला भंसाली के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

आईएएनएस से बात करते हुए संगठन के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने आरोप लगाया है कि फिल्म सेट पर सुरक्षा नियमों का सही तरीके से पालन नहीं किया गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। सेट पर काम करने वाले कर्मचारियों को जरूरी सुरक्षा उपकरण नहीं दिए जाते और कई बार उनके लिए बीमा तक की व्यवस्था नहीं होती। इसी वजह से मजदूरों की जान खतरे में रहती है।

सुरेश गुप्ता ने कहा कि चंद्रधारी सिंह यादव की मौत कोई पहली घटना नहीं है। पहले भी भंसाली के प्रोजेक्ट्स में ऐसे हादसे हो चुके हैं। ‘देवदास’ और ‘पद्मावत’ फिल्म की शूटिंग के दौरान भी मजदूरों की मौत और दुर्घटनाएं हुई थीं। अगर एसोसिएशन और सरकार ने देवदास की शूटिंग के दौरान संजय भंसाली के खिलाफ सीधी कार्रवाई की होती तो चंद्रधारी सिंह आज जिंदा होते।

चंद्रधारी सिंह यादव के परिवार के लिए भंसाली के प्रोडक्शन हाउस की ओर से 40 लाख रुपए मुआवजे की घोषणा की गई है, जिसे एआईसीडब्ल्यूए ने नाकाफी बताया। उन्होंने मांग की है कि पीड़ित परिवार को 1 करोड़ रुपए का मुआवजा दिया जाए। इतने बड़े बजट की फिल्मों में काम करने वाले मजदूरों के लिए यह राशि पर्याप्त नहीं है।

एआईसीडब्ल्यूए ने सरकार से भी कई सख्त कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की हाईलेवल जांच कराई जाए और जब तक सुरक्षा मानकों की पुष्टि नहीं होती, तब तक शूटिंग पर रोक लगाई जाए। इसके साथ ही महाराष्ट्र के सभी फिल्म सेट्स पर सुरक्षा व्यवस्था की पुष्टि की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें।

सुरेश गुप्ता ने फिल्म इंडस्ट्री में काम के लंबे घंटों पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, “कई सेटों पर मजदूरों से 14 घंटे की बजाय 18 से 20 घंटे तक काम कराया जाता है, जिससे थकान और लापरवाही के कारण हादसे होने का खतरा बढ़ जाता है। लगातार दबाव में काम करने से मजदूरों की सेहत पर भी गंभीर असर पड़ रहा है।”

इस बीच फिल्म ‘लव एंड वॉर’ को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। यह फिल्म संजय लीला भंसाली द्वारा निर्देशित है और इसमें रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म एक वॉर बैकड्रॉप पर आधारित लव ट्रायंगल बताई जा रही है।

Exit mobile version