5 अप्रैल । हरिद्वार के बुग्गावाला थाना क्षेत्र में तीन तलाक के एक मामले को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है। हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि बंदरझूठ क्षेत्र की एक महिला ने शिकायत दी थी कि उसके पति ने मौखिक रूप से तीन तलाक दे दिया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल बुग्गावाला थाने में संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसएसपी भुल्लर ने स्पष्ट किया कि जांच के आधार पर इस मामले में यूसीसी के तहत भी धाराएं बढ़ाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों में पुलिस तुरंत कार्रवाई करती है और महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
पीड़िता के भाई ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि ढाई साल पहले मेरी बहन की शादी हुई थी। कई बार कहासुनी हुई। गांव के कई लोग वहां गए और समझाया। इसी तरह चलता रहा, लेकिन लड़के की बहन और मां मेरी बहन को काफी परेशान करती थी। बहुत सी बातें बहन ने हमें बताई भी नहीं, लेकिन अब लड़के ने मेरी बहन को ‘तलाक’ दे दिया।
भाई ने कहा कि सरकार यूसीसी कानून लेकर आई है। महिलाओं के लिए ये कानून अच्छा है। हम इस कानून के तहत कार्रवाई चाहते हैं। हम चाहते हैं कि किसी बहन के साथ ऐसा ना हो। धर्म और कुरान में कुछ भी गलत नहीं है, लेकिन कुछ लोग उसका गलत फायदा उठा रहे हैं। सरकार द्वारा बनाए गए कानून के तहत हम कार्रवाई चाहते हैं।
पीड़िता ने बताया कि शादी के बाद से ही हमारे साथ गलत व्यवहार हो रहा था। काफी दिन तक मैं सहती रही और घर पर भी नहीं बताया, लेकिन जब हद पार हो गई तो मैंने अपने घर पर बताया। पीड़िता ने सास पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे लोग मुझे जान देने के लिए उकसाते थे।


Leave feedback about this