N1Live Entertainment वो बेहतरीन निर्देशक हैं… ‘मैं वापस आऊंगा’ में इम्तियाज अली के साथ काम कर बेहद खुश ‘धुरंधर’ फेम दानिश पंडोर
Entertainment

वो बेहतरीन निर्देशक हैं… ‘मैं वापस आऊंगा’ में इम्तियाज अली के साथ काम कर बेहद खुश ‘धुरंधर’ फेम दानिश पंडोर

He is an excellent director... 'Dhurandhar' fame Danish Pandor is thrilled to be working with Imtiaz Ali on 'Main Wapas Aaunga'.

आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ में एक्टिंग कर छाए अभिनेता दानिश पंडोर अब इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ में नजर आएंंगे। उन्होंने इम्तियाज अली को न केवल बेहतरीन निर्देशक बल्कि उनके साथ काम करने का अनुभव भी यादगार बताया। इम्तियाज अली की फिल्म में दानिश एक खास किरदार में नजर आएंगे। आईएएनएस के साथ बातचीत में दानिश पंडोर ने बताया कि उन्होंने ‘धुरंधर’ की रिलीज से ठीक पहले इस फिल्म के लिए ऑडिशन दिया था और फिल्म रिलीज होने से पहले ही शूटिंग पूरी कर ली थी।

इम्तियाज अली के निर्देशन के तरीके की तारीफ करते हुए दानिश ने कहा, “जब भी कोई अभिनेता परफॉर्म करता था, इम्तियाज साहब ठीक सामने खड़े होकर उसे ऐसे देखते थे जैसे कोई नाटक देख रहे हों। यह मेरे लिए एकदम अलग और खास एहसास था।” दानिश पंडोर के अनुसार, इम्तियाज अली जैसे निर्देशक के साथ काम करना हर अभिनेता के लिए एक बेहतरीन अनुभव होता है, क्योंकि वे अभिनय को पूरी आजादी के साथ सही दिशा देते हैं।

दानिश ने आगे कहा, “वे बहुत विनम्र, बेहद तमीजदार और शांत स्वभाव के इंसान हैं। उन्हें ठीक से पता होता है कि अभिनेता से क्या चाहिए। वे मॉनिटर नहीं देखते, बल्कि सीधे अभिनेता को देखते हुए परफॉर्मेंस लेते हैं। यह उनकी खासियत है।” ‘धुरंधर 2’ में अपनी ताकतवर भूमिका के लिए चर्चा बटोर चुके दानिश पंडोर ने ‘मैं वापस आऊंगा’ के किरदार के बारे में ज्यादा खुलासा नहीं किया, लेकिन यह जरूर बताया कि भले ही रोल छोटा हो, लेकिन कहानी में इसकी अहमियत बहुत ज्यादा है।

फिल्म में दानिश पंडोर के अलावा दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, शरवरी वाघ और वेदांग रैना भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान दे रहे हैं, जबकि गीतों के बोल इरशाद कामिल ने लिखे हैं। यह फिल्म बिड़ला स्टूडियोज, अप्लॉज एंटरटेनमेंट और विंडो सीट फिल्म्स के बैनर तले मोहित चौधरी और शिबाशीष सरकार द्वारा निर्मित की जा रही है। ‘मैं वापस आऊंगा’ 12 जून को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।

Exit mobile version