N1Live National अभिजीत दिपके के फोन के बाद शराब के नशे में स्कूल में सोने वाला प्रधानाध्यापक निलंबित
National

अभिजीत दिपके के फोन के बाद शराब के नशे में स्कूल में सोने वाला प्रधानाध्यापक निलंबित

Headmaster suspended after Abhijit Dipke's call regarding him sleeping in school while intoxicated.

कॉकरोच पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने स्वतंत्रता दिवस से देशभर में ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान की शुरुआत उन्होंने अपने पैतृक गांव, हिंगोली जिले के संतुक पिंपरी स्थित जिला परिषद स्कूल से की।

इसी दौरान हिंगोली शहर के पास लिंबाला एमआईडीसी क्षेत्र के नागरिकों ने जिला परिषद स्कूल के प्रधानाध्यापक पर शराब के नशे में स्कूल आने का गंभीर आरोप लगाया था। शिकायत मिलने के बाद अभिजीत दिपके ने स्कूल का दौरा किया और शिक्षाधिकारी आसावरी काले को फोन कर संबंधित प्रधानाध्यापक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।

दिपके ने चेतावनी दी थी कि अगर तत्काल कार्रवाई नहीं की गई तो नागरिकों के साथ उन्हें भी अनशन करना पड़ेगा। इसके बाद शराब के नशे में स्कूल में सोते हुए संबंधित प्रधानाध्यापक का एक पुराना वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। मामले को गंभीरता से लेते हुए हिंगोली जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विवेक गायकवाड ने संबंधित प्रधानाध्यापक के निलंबन के लिखित आदेश जारी कर दिए हैं।

वहीं, प्रधानाध्यापक के निलंबन के बाद स्कूल की व्यवस्था और शिक्षा व्यवस्था में सुधार हुआ है या नहीं, इसका जायजा लेने के लिए अभिजीत दिपके जल्द ही लिंबाला एमआईडीसी स्थित स्कूल का दोबारा दौरा करने वाले हैं।

अभिजीत दिपके ने 16 अगस्त को एक्स पर पोस्ट किया था, “शराब के साथ प्रिंसिपल की तस्वीरें और शराब पीने के बाद क्लासरूम में सोते हुए प्रिंसिपल। प्रिंसिपल को तुरंत सस्पेंड किया जाना चाहिए! शराब के नशे में धुत प्रिंसिपल सरकारी स्कूल कैसे चला सकता है? यह बच्चों, खासकर छोटी बच्चियों की सुरक्षा के लिए एक गंभीर चिंता का विषय है।”

दिपके ने एक पोस्ट किया था, “गांव वालों ने स्कूल के प्रिंसिपल की शराब पीने की आदत के बारे में कई बार शिकायत की है, लेकिन सीनियर अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की है। अगर मंगलवार तक प्रिंसिपल को नहीं हटाया गया, तो मैं भी गांव वालों के साथ विरोध-प्रदर्शन में शामिल हो जाऊंगा। स्कूल में पांच क्लासरूम के लिए सिर्फ दो ही टीचर हैं। इन समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।”

Exit mobile version