N1Live National अमरनाथ यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 24 घंटे श्रद्धालुओं को मिल रहा मुफ्त इलाज
National

अमरनाथ यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 24 घंटे श्रद्धालुओं को मिल रहा मुफ्त इलाज

Health Department on alert along the Amarnath Yatra route; pilgrims receiving free medical treatment round-the-clock.

15 जुलाई । जम्मू-कश्मीर में चल रही अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने रामबन जिले में व्यापक चिकित्सा व्यवस्था की है। बनिहाल क्षेत्र के चंदेरकोट और लैंबर समेत यात्रा मार्ग के कई प्रमुख स्थानों पर मेडिकल कैंप, मिनी अस्पताल और 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यहां हजारों श्रद्धालु मुफ्त इलाज, दवाइयों और जरूरी जांच सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि लैंबर में स्थापित मिनी अस्पताल में अब तक 5000 से अधिक मरीजों का इलाज किया जा चुका है। यहां डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की टीम चौबीसों घंटे तैनात है। यात्रियों को मुफ्त परामर्श, दवाइयां, रक्तचाप सहित अन्य आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि केवल लैंबर ही नहीं, बल्कि चंदेरकोट सहित अन्य चिकित्सा केंद्रों पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपचार के लिए पहुंचे हैं। विभाग की कोशिश है कि यात्रा मार्ग के हर महत्वपूर्ण पड़ाव पर पर्याप्त डॉक्टर, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ और एंबुलेंस उपलब्ध रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर हेल्पलाइन नंबर और जरूरी सूचना भी प्रदर्शित की जा रही है।

मध्य प्रदेश के खरगोन से अमरनाथ यात्रा पर पहुंचे श्रद्धालु नारायण सैपट्टा ने स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान उन्हें पेट संबंधी परेशानी हुई थी। मेडिकल कैंप पहुंचने पर डॉक्टरों ने तुरंत जांच की, दवाइयां दीं और उनका पूरा इलाज किया। उन्होंने कहा कि सभी सुविधाएं पूरी तरह मुफ्त हैं और इससे यात्रियों को काफी राहत मिल रही है।

महाराष्ट्र के नागपुर से आए श्रद्धालु धीरज ने बताया कि अमरनाथ दर्शन के बाद शरीर में काफी थकान महसूस हो रही थी। सीआरपीएफ बेस कैंप के पास उन्हें स्वास्थ्य विभाग की मुफ्त चिकित्सा सुविधा के बारे में जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि अस्पताल पहुंचने पर उन्हें निजी अस्पताल जैसी सुविधाएं मिलीं। डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ का व्यवहार भी बेहद अच्छा रहा और बिना किसी शुल्क के इलाज उपलब्ध कराया गया।

एक अन्य श्रद्धालु ने भी सरकार की व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए कहा कि यात्रा मार्ग पर मेडिकल सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि किसी भी यात्री को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तुरंत डॉक्टरों की टीम इलाज शुरू कर देती है और आवश्यक दवाइयां भी मुफ्त दी जाती हैं। इससे श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान काफी भरोसा और सुरक्षा का एहसास होता है।

Exit mobile version