N1Live National महाराष्ट्र में भारी बारिश से तबाही, एनडीआरएफ का बचाव अभियान तेज, नेवी अलर्ट पर
National

महाराष्ट्र में भारी बारिश से तबाही, एनडीआरएफ का बचाव अभियान तेज, नेवी अलर्ट पर

Heavy rains wreak havoc in Maharashtra; NDRF rescue operations intensified, Navy on alert.

महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है और भूस्खलन, जलभराव व परिवहन में रुकावट जैसी समस्याएं पैदा हो गई हैं। इसे देखते हुए नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एनडीआरएफ) ने राज्य के कई हिस्सों में बचाव और राहत कार्य तेज कर दिए हैं।

इस बीच भारतीय नौसेना ने कहा है कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण वेस्टर्न नेवल कमांड को हाई अलर्ट पर रखा गया है और राज्य प्रशासन द्वारा अनुरोध किए जाने पर मदद के लिए पूरी तरह तैयार है।

एक बड़ी घटना पुणे की मावल तहसील के पाटन गांव से सामने आई है, जहां सुबह करीब 4 बजे पहाड़ी का एक हिस्सा ढह गया, जिससे स्थानीय निवासी नंदू टिकोने का घर मलबे के नीचे दब गया। परिवार के तीन सदस्यों के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है।

एनडीआरएफ की 30 सदस्यीय टीम प्रभावित इलाके में पहुंच गई है और तुरंत बचाव अभियान शुरू कर दिया है। टीम ने एक शव बरामद कर लिया है। खराब मौसम के बावजूद बाकी दो लापता सदस्यों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।

एनडीआरएफ की 5वीं बटालियन की टीम-5 ने पुणे जिले में एक अन्य बचाव अभियान में मावल में घोरावड़ी रेलवे स्टेशन के पास जलभराव की घटना पर तुरंत कार्रवाई की और एक प्राइवेट बस में फंसे सभी 37 यात्रियों को सुरक्षित निकाला।

महाराष्ट्र के आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने सोमवार को मौसम की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए नागरिकों से मॉनसून टूरिज्‍म और गैर-जरूरी काम से बाहर जाने से बचने की अपील की। ​​उन्होंने चेतावनी दी कि आधिकारिक सलाह को नजरअंदाज करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

उन्होंने कहा, “राज्य में बहुत ज्‍यादा बारिश हो रही है। सड़कें और रेलवे रूट बंद कर दिए गए हैं और पुणे-मुंबई ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर भी बंद है। स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। मुंबई में मंत्रालय में आपदा प्रबंधन की बैठक बुलाई गई है। मैं नागरिकों को सलाह देता हूं कि वे मुंबई में टूरिज्‍म या घूमने-फिरने के लिए बाहर न निकलें। हम जल्द ही आगे के फैसलों की घोषणा करेंगे।”

मंत्री ने खराब मौसम से पैदा हुए खतरों पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा, “हवा की गति 70 से 90 किमी/घंटा तक पहुंच गई है, जिससे मुंबई में पेड़ उखड़ रहे हैं। इसके बावजूद लोग बाहर भीड़ लगाए हैं, कृपया ऐसा न करें।” सोमवार और मंगलवार के लिए कई इलाकों में भारी बारिश और तूफानी हालात की चेतावनी के साथ रेड अलर्ट जारी किया गया है।

बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (बीएमसी) ने इन चेतावनियों को दोहराते हुए बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (एमएमआर) के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जिसमें हवा की गति 80 से 90 किमी/घंटा तक पहुंचने की आशंका है।

Exit mobile version