एक्ट्रेस और भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने नवरात्र की शुरुआत खास अंदाज में की। उन्होंने तेलंगाना में आयोजित एक कार्यक्रम में अपने पॉपुलर डांस बैले ‘दुर्गा’ की प्रस्तुति दी। इस दौरान उन्होंने अपने क्लासिकल डांस के जरिए मां दुर्गा की शक्ति और भक्ति को दर्शाया। अपनी परफॉर्मेंस की वीडियो उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया पर साझा की।
बता दें कि हेमा मालिनी ने 11 अक्टूबर को तेलंगाना के क्लासिक कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘अग्र दांडिया नवरात्रि सेलिब्रेशन’ में परफॉर्म किया था। यह कार्यक्रम अग्रवाल समाज की ओर से आयोजित किया गया था। इस मौके पर महाराजा अग्रसेन जयंती भी मनाई गई। इंस्टाग्राम पर अपनी परफॉर्मेंस की झलक शेयर करते हुए हेमा मालिनी ने खुशी जाहिर की।
उन्होंने लिखा, ”नवरात्र के पहले दिन तेलंगाना के अग्रवाल समाज के ‘अग्र दांडिया नवरात्रि सेलिब्रेशन’ में क्लासिक कन्वेंशन सेंटर पर अपने सबसे पॉपुलर बैले ‘दुर्गा’ की प्रस्तुति देना मेरे लिए खुशी की बात थी। इस कार्यक्रम के साथ 11 अक्टूबर को महाराजा अग्रसेन जयंती भी मनाई गई। इस शुभ अवसर पर आप सभी को नवरात्र और दुर्गा पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं।”
हेमा मालिनी ने अपनी पोस्ट के साथ परफॉर्मेंस का वीडियो भी शेयर किया। इसमें वह पार्वती माता के रूप में नजर आ रही हैं। अपने शानदार डांस मूव्स और भाव-भंगिमाओं के जरिए उन्होंने इस पौराणिक किरदार को जीवंत किया। उनकी प्रस्तुति में क्लासिकल डांस के साथ भक्ति का भाव भी नजर आया।
बता दें कि हेमा मालिनी ने फिल्मों में अपनी खास पहचान बनाने के साथ-साथ भारतीय शास्त्रीय नृत्य की दुनिया में भी अलग मुकाम हासिल किया है। उनके डांस बैले में कला के साथ आध्यात्मिकता और भक्ति का मेल देखने को मिलता है। वह पहले भी डांस को अपने लिए एक गहरा आध्यात्मिक अनुभव बता चुकी हैं। उनका कहना है कि नृत्य के जरिए वह अपनी भारतीय परंपराओं से भी जुड़ी रहती हैं।

