October 6, 2024
Himachal

हिमाचल मंत्रिमंडल: सुक्खू के दोनों नए मंत्री एमबीए और बीटेक पास

सुक्खू कैबिनेट में शामिल दोनों नए मंत्री काफी पढ़े-लिखे हैं। राजेश धर्माणी ने एनआईटी हमीरपुर से बीटेक (सिविल) और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) से एमबीए की शिक्षा ग्रहण की है। वहीं यादविंद्र गोमा ने बीटेक (मैकेनिकल इंजीनियरिंग) तथा आईईईटी बद्दी से एमबीए किया है। धर्माणी का विवाह सोनिका शर्मा से हुआ। इनकी एक सुपुत्री है। धर्माणी प्रदेश कांग्रेस समिति के सचिव, उपाध्यक्ष तथा महासचिव पद पर कार्य कर चुके हैं। इसके अतिरिक्त राज्य युवा कांग्रेस के अध्यक्ष, जिला कांग्रेस समिति के सचिव, अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के महासचिव एवं एनएसयूआई तकनीकी प्रकोष्ठ के संयोजक भी रहे। धर्माणी लोक लेखा और ई-गवर्नेंस-सह-सामान्य प्रयोजन समितियों के सदस्य भी नामित हुए। कृषि एवं सेरीकल्चर में विशेष अभिरुचि रखने वाले धर्माणी समाज सेवा में भी निरंतर सक्रिय रहे हैं और गरीब बच्चों को उच्च शिक्षा प्रदान करने में इनका उल्लेखनीय योगदान रहा है। यादविंद्र गोमा का विवाह नीलम गोमा से हुआ। इनकी एक सुपुत्री है। वह अधीनस्थ विधान समिति के अध्यक्ष और कल्याण एवं नियम समितियों के सदस्य के रूप में मनोनीत किए गए।

अर्थव्यवस्था की मजबूती के लिए सीएम के साथ: धर्माणी शिमला। कैबिनेट में शामिल हुए मत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि हिमाचल की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए वह मुख्यमंत्री के साथ खड़े हैं। हिमाचल छोटा राज्य है। मुख्यमंत्री ने व्यवस्था परिवर्तन का नारा दिया है। इसमें मुख्यमंत्री का भरपूर सहयोग किया जाएगा। हिमाचल को संपन्न प्रदेश बनाया जाना है। देश-दुनिया की जो भी बेस्ट प्रैक्टिस होगी, उसे अपनाया जाएगा। अभी सरकार की ओर से विभाग मिलने बाकी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री, केंद्रीय नेतृत्व सहित हिमाचल की जनता का आभार जताया है।

चुनावी बेला में दी जिम्मेदारी को बखूबी निभाऊंगा : गोमा शिमला। मंत्री यादविंद्र गोमा ने कहा कि चुनावी बेला पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह ने उन्हें जिम्मेदारी दी है। वह इसे बखूबी निभाएंगे। अगले साल लोकसभा चुनाव हैं। कहा कि वह सीएम की उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने व्यवस्था परिवर्तन का नारा दिया है। सरकार की ओर से उन्हें जो भी विभाग दिए जाएंगे, उन पर काम होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, पार्टी प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया है।

Leave feedback about this

  • Service