N1Live Entertainment अभद्र टिप्पणी मामले में महाराष्ट्र साइबर के सामने पेश नहीं हुए हनी सिंह, मांगा और समय
Entertainment

अभद्र टिप्पणी मामले में महाराष्ट्र साइबर के सामने पेश नहीं हुए हनी सिंह, मांगा और समय

मशहूर रैपर और म्यूजिक प्रोड्यूसर हिरदेश सिंह उर्फ यो यो हनी सिंह को महाराष्ट्र साइबर ने सोमवार को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन वह जांच अधिकारी के सामने पेश नहीं हुए। हनी सिंह को एक नोटिस के जरिए व्यक्तिगत रूप से मौजूद होकर अपना बयान दर्ज कराने के लिए कहा गया था। हालांकि, हनी सिंह की ओर से महाराष्ट्र साइबर से पूछताछ के लिए पेश होने का समय आगे बढ़ाने की मांग की गई है।

महाराष्ट्र साइबर ने हनी सिंह को यह नोटिस एक शिकायत और उसके आधार पर दर्ज मामले की जांच के सिलसिले में भेजा था। विभाग ने इससे पहले भी उन्हें जांच अधिकारी के सामने पेश होने के लिए नोटिस जारी किया था। बाद में 14 सितंबर को जारी नोटिस में उन्हें 5 अक्टूबर को सुबह 11 बजे मुंबई के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में महाराष्ट्र साइबर के कार्यालय पहुंचने का निर्देश दिया गया था। इस नोटिस को विभाग ने ‘फाइनल रिमाइंडर’ बताया था।

मशहूर रैपर और म्यूजिक प्रोड्यूसर हनी सिंह से जांच में सहयोग करने और मामले से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए कहा गया था। नोटिस में कहा गया था कि जांच अधिकारी जरूरत के मुताबिक उनसे दस्तावेज, रिकॉर्ड या अन्य सामग्री मांग सकते हैं। हालांकि, सोमवार को तय समय पर हनी सिंह महाराष्ट्र साइबर के सामने व्यक्तिगत रूप से पेश नहीं हुए। उनकी ओर से अब जांच अधिकारी के सामने पेश होने के लिए अतिरिक्त समय मांगा गया है।

यह मामला हनी सिंह की ओर से एक कॉन्सर्ट के दौरान कथित तौर पर की गई अभद्र टिप्पणी से जुड़ा है। आरोप है कि कॉन्सर्ट के दौरान उनके बयान को लेकर एक व्यक्ति ने महाराष्ट्र साइबर में शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई और हनी सिंह को पूछताछ के लिए बुलाया गया।

इससे पहले 1 सितंबर 2026 को भी हनी सिंह को नोटिस जारी किया गया था। उस नोटिस के जरिए उन्हें जांच अधिकारी के सामने पेश होने के लिए कहा गया था। महाराष्ट्र साइबर के अनुसार, मशहूर रैपर और म्यूजिक प्रोड्यूसर यो यो हनी सिंह तय तारीख और समय पर अधिकारी के सामने उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद विभाग ने 14 सितंबर को दोबारा नोटिस जारी किया था।

Exit mobile version