N1Live Entertainment ‘इतने लोगों के बीच मैं तन्हा कैसे महसूस कर सकता हूं’, सलमान खान ने अकेलेपन वाले बयान पर दी सफाई
Entertainment General News

‘इतने लोगों के बीच मैं तन्हा कैसे महसूस कर सकता हूं’, सलमान खान ने अकेलेपन वाले बयान पर दी सफाई

'How can I feel lonely among so many people?' Salman Khan clarifies his loneliness statement

अक्सर देखा जाता है कि लोग सेलिब्रिटीज के बयानों का अपनी सहूलियत के हिसाब से मतलब निकाल लेते हैं। ऐसा ही कुछ अभिनेता सलमान खान के साथ हुआ, जिस पर उन्हें खुद सफाई देनी पड़ी। सोमवार को अभिनेता ने सोशल मीडिया के जरिए स्पष्ट किया कि अकेलेपन को लेकर दिया गया उनका बयान सिर्फ एक सामान्य विचार था, न कि उनकी असल जिंदगी या किसी व्यक्तिगत समस्या का संकेत।

सलमान खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक नोट साझा करते हुए लिखा, “अरे यार, मैं अपने बारे में बात नहीं कर रहा था। मैं अकेला कैसे हो सकता हूं, जब मेरे पास इतना बड़ा परिवार और शानदार दोस्त हैं? मैं अकेलापन कैसे महसूस कर सकता हूं, जब मेरे पास आप लोग, आपकी शुभकामनाएं और दुआएं हैं? इतना सब होने के बावजूद अगर मैं फिर भी अकेला महसूस करूं, तो मैं दुनिया का सबसे बड़ा ‘ना-शुक्रा’ इंसान होऊंगा।”

अभिनेता ने आगे स्पष्ट करते हुए बताया कि कभी-कभी उनकी ‘सोशल बैटरी’ खत्म हो जाती है और वह लोगों से ज्यादा बातचीत नहीं कर पाते। इसलिए वह कुछ समय अकेले बिताना पसंद करते हैं। उन्होंने कहा, “कभी-कभी लोगों के साथ रहकर मैं थक जाता हूं, इसलिए मुझे कुछ समय अकेले चाहिए होता है। लोगों ने इसे बड़ी खबर बना दिया। मम्मी पूछ रही हैं, ‘क्या हुआ बेटा?’ तुम बस चिल करो।”

बता दें कि इससे पहले सलमान खान ने सोशल मीडिया पर अकेले होने और अकेलापन महसूस करने के बीच के अंतर को समझाते हुए एक पोस्ट किया था, जिसके बाद अभिनेता को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। इसके बाद उन्हें अपनी बात स्पष्ट करने के लिए एक और पोस्ट करना पड़ा।

अभिनेता जल्द ही फिल्म ‘मातृभूमि’ में नजर आएंगे। यह फिल्म मूल रूप से 17 अप्रैल को रिलीज होने वाली थी, लेकिन देरी के कारण इसे आगे बढ़ा दिया गया है। इसे लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि यह जून से लेकर अगस्त के बीच (संभावित स्वतंत्रता दिवस वीकेंड) सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है।

Exit mobile version