सावन की शिवरात्रि को लेकर नोएडा और सेंट्रल नोएडा के शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर बड़ी संख्या में कांवड़िए अपने गंतव्य तक पहुंच रहे हैं। शिवरात्रि के अवसर पर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। इसे देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की हैं। मंदिरों और कांवड़ यात्रा मार्गों पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
वहीं, सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के माध्यम से संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कांवड़ यात्रा और शिवरात्रि को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस की गश्त बीती देर रात से ही जारी है। पुलिस अधिकारी लगातार कांवड़ यात्रा मार्गों और शिविरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। कांवड़ियों की सुरक्षा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह और एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में एसीपी-1 सेंट्रल नोएडा दीक्षा सिंह ने पुलिस बल के साथ थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के अंतर्गत कांवड़ यात्रा मार्ग और कांवड़ शिविरों का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल और चिकित्सा सहायता जैसी सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों और विभागों को निर्देश दिए कि कांवड़ियों एवं अन्य श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कांवड़ शिविरों में भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिसकर्मियों को भी ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता बरतने के लिए ब्रीफ किया गया। इसी क्रम में डीसीपी नोएडा साद मिया खान और एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह के पर्यवेक्षण में एसीपी-1 नोएडा प्रवीण कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ थाना सेक्टर-20 क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग एवं कांवड़ शिविरों का निरीक्षण किया।
इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात संचालन, पार्किंग, रोशनी, साफ-सफाई, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की स्थिति देखी गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को लगातार सतर्क रहने तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रमुख स्थानों पर पुलिस पिकेट और गश्त बढ़ाई गई है। शिवरात्रि के मौके पर मंदिरों में विशेष आयोजन भी किए जा रहे हैं। सुबह से ही श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिरों का रुख कर रहे हैं। कांवड़िए हरिद्वार से लाए गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करेंगे।
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस द्वारा भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि शिवरात्रि और कांवड़ यात्रा के दौरान धार्मिक उत्साह के बीच कानून-व्यवस्था पूरी तरह कायम रहे और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। सीसीटीवी, ड्रोन निगरानी, पुलिस गश्त और मौके पर तैनात बल के जरिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।


Leave feedback about this