N1Live National छोटे सिलेंडर से हमला कर पति ने पत्नी को मौत के घाट उतारा, शव के बगल में बैठा रहा
National

छोटे सिलेंडर से हमला कर पति ने पत्नी को मौत के घाट उतारा, शव के बगल में बैठा रहा

Husband kills wife with a small cylinder, sits next to her body

30 मार्च । दिल्ली के पुल प्रहलादपुर इलाके में रविवार देर रात पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी पति ने रविवार रात कथित तौर पर घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी के सिर पर छोटे गैस सिलेंडर से कई बार वार करके उसकी हत्या कर दी। इसके बाद बच्ची को गोद में लिए शव के पास बैठा रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पति को हिरासत में ले लिया।

आरोपी के एक पड़ोसी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “सुरेश ने अपनी पत्नी पूनम की हत्या कर दी, जिसकी 18 महीने की एक बच्ची है। दोनों एक महीने से डीडीए आवास में रह रहे थे। पति ने कथित तौर पर चरित्र पर शक के चलते पत्नी की हत्या की है। पति ने सिलेंडर से पत्नी के सिर पर पहले वार किया फिर हाथ तोड़ दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बच्ची हमारे पास है, जिसे परिचितों को सौंप दिया जाएगा। आरोपी को पुलिस अपने साथ ले गई।”

एक दूसरे पड़ोसी ने बताया, “रविवार रात में बचा लो, बचा लो की आवाज आई थी। अपने रूम से नीचे उतरकर आया तो पता चला कि प्रथम तल पर झगड़ा हुआ है। जिस रूम से आवाज आई थी वहां गए तो अंदर से दरवाजा बंद था। इसके बाद मकान मालिक को बुलाया, जिन्होंने दरवाजा खोला। अंदर जाकर देखा तो महिला मृत पड़ी थी और बगल में सिलेंडर पड़ा था। शव के बगल में पति बच्ची को लिए खड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।”

गौरतलब है कि 17 मार्च की देर रात रानीबाग इलाके में शादी समारोह में कुछ युवकों के बीच खाने को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि हाथापाई होने लगी। इसी दौरान पास के ही नाहरपुर गांव का रहने वाला 17 वर्षीय निखिल यादव बीचबचाव करने पहुंचा। जैसे ही निखिल ने बीच-बचाव की कोशिश की तो हमलावर युवकों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। हमला इतना तेज था कि निखिल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बचाव में आए एक अन्य युवक को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिसे अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था।

Exit mobile version