N1Live National आईसीएमआर भर्ती 2026 : सेक्शन ऑफिसर के 47 पदों पर आवेदन जारी, जानें योग्यता से सैलरी तक सबकुछ
National

आईसीएमआर भर्ती 2026 : सेक्शन ऑफिसर के 47 पदों पर आवेदन जारी, जानें योग्यता से सैलरी तक सबकुछ

ICMR Recruitment 2026: Applications open for 47 Section Officer posts; know everything from eligibility to salary.

सरकारी नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर), नई दिल्ली ने अपने मुख्यालय, संस्थानों और केंद्रों में सेक्शन ऑफिसर के खाली 47 पदों को डेपुटेशन (शॉर्ट-टर्म कॉन्ट्रैक्ट भी शामिल) के आधार पर भरने के लिए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके वैकेंसी की घोषणा की है।

आईसीएमआर की ओर से अपने जिन मुख्यालय/संस्थानों/केंद्रों में सेक्शन ऑफिसर के 47 पदों पर भर्ती निकाली गई है, उनमें आईसीएमआर मुख्यालय, नई दिल्ली में 22; एनआईओएचआर, अहमदाबाद में 1; एनआईटीएम, बेलगावी में 1; निरेह, भोपाल में 1; एनआईएचआर, भुवनेश्वर में 2; एनआईआरटी, चेन्नई में 1; एनआईएमआर, द्वारका में 1; एनआईसीएचआर, नई दिल्ली में 1; एनआईएचआर, डिब्रूगढ़ में 1; एनआईएन, हैदराबाद में 5; एनआईएचआर, पटना में 2; एनआईवीसीआर, पुडुचेरी में 3; एनआईवी, पुणे में 4; एनआईएचआर, श्री विजयपुरम में 1; और सीआरएमसीएच, चंद्रपुर में 1 पद शामिल हैं।

इन सभी रिक्तियों के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 6 अगस्त से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि ‘रोजगार समाचार’ में संबंधित पोस्ट के लिए वैकेंसी सर्कुलर के पब्लिश होने की तारीख से 30 दिन यानी 5 सितंबर तय की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवारों को तय समय सीमा के अंदर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा करने की सलाह दी जाती है।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थी केंद्र/राज्य सरकार/स्वायत्त निकाय/पीएसयू के अधिकारी होने के साथ समान पद पर कार्यरत हों और उनके पास कोई भी डिग्री तथा कंप्यूटर का कामकाजी ज्ञान हो; या लेवल-6 और 7 में असिस्टेंट, जिनके पास कोई डिग्री हो, कंप्यूटर का कामकाजी ज्ञान हो और केंद्र सरकार/राज्य सरकार/स्वायत्त निकाय/पीएसयू में उस ग्रेड में 5 वर्ष की नियमित सेवा का अनुभव हो, आवेदन कर सकते हैं।

आवेदकों की अधिकतम आयु 56 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना अप्लाई करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 44,900 से 1,42,400 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आईसीएमआर की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालकर उसे ‘सहायक महानिदेशक (भर्ती), भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद, वी. रामलिंगस्वामी भवन, अंसारी नगर, नई दिल्ली – 110029’ के पते पर डाक के माध्यम से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले पहुंचा दें।

कैंडिडेट्स ध्यान दें कि आईसीएमआर की ओर से यह नियुक्ति शुरू में एक वर्ष की अवधि के लिए होगी, जिसे जरूरत के आधार पर आगे बढ़ाया जा सकता है।

Exit mobile version