N1Live National 2027 में अखिलेश यादव चुनाव हारे तो कांग्रेस अलायंस तोड़ लेगी: शाहनवाज हुसैन
National

2027 में अखिलेश यादव चुनाव हारे तो कांग्रेस अलायंस तोड़ लेगी: शाहनवाज हुसैन

If Akhilesh Yadav loses the 2027 elections, Congress will break the alliance: Shahnawaz Hussain

9 मई । भाजपा के वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन ने दावा किया है कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा प्रमुख अखिलेश यादव हार गए तो कांग्रेस उनसे गठबंधन तोड़ लेगी।

नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि कांग्रेस मौकापरस्त पार्टी है, जो कमजोर सहयोगियों को धक्का देकर आगे बढ़ जाती है। उन्होंने सपा मुखिया अखिलेश यादव के हालिया एक्स पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए यह टिप्पणी की।

शाहनवाज हुसैन ने कहा कि अखिलेश यादव फोटो पोस्ट करके कांग्रेस पर निशाना साध रहे हैं कि वे दूसरों की तरह नहीं जो मुश्किल वक्त में साथ नहीं छोड़ते।

हुसैन ने कहा कि अखिलेश यादव का पोस्ट बता रहा है कि उन्हें भी डर है कि 2027 में हार हुई तो कांग्रेस रास्ता अलग कर लेगी।

ममता और स्टालिन से मुलाकात को लेकर हुसैन ने कहा कि अखिलेश यादव अब ‘टूरिस्ट’ बन गए हैं। जहां-जहां उनके सहयोगी हारते हैं, वहां वे आंसू पोछने पहुंच जाते हैं। उनका दर्द यह भी है कि इंडिया ब्लॉक में किसी की नाव डूबते ही सबसे पहले कांग्रेस कूद जाती है। बंगाल में ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव परिणाम आने से पहले ही राहुल गांधी बयानबाजी शुरू कर चुके थे। इसी तरह तमिलनाडु में डीएमके की हालत बिगड़ते ही कांग्रेस ने अलग सुर पकड़ लिया। डीएमके भी अच्छी तरह जानती है कि कांग्रेस मौकापरस्त पार्टी है।

शाहनवाज हुसैन ने कहा कि केरल में कांग्रेस को अपनी जीत पर यकीन नहीं हो रहा है। पार्टी वहां केसी वेणुगोपाल को थोपना चाहती है, लेकिन स्थानीय कांग्रेस नेता इसे स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं। जीत के बावजूद कांग्रेस अभी तक मुख्यमंत्री का चेहरा तय नहीं कर पाई है।

आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए हुसैन ने कहा कि उनके पास प्रेस कॉन्फ्रेंस के अलावा कोई काम नहीं बचा है। भ्रष्टाचार के मामले में कार्रवाई होती है तो वे प्रोटेक्शन के लिए प्रेस वार्ता करते हैं। दिल्ली के बाद अब आम आदमी पार्टी पंजाब को भी लूट रही है।

बंगाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सुवेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री बन गए हैं। बंगाल में भाजपा की सरकार बनी है। अब राज्य विकास के पथ पर चलेगा।

उन्होंने कहा कि पूर्व की टीएमसी सरकार में गुंडाराज था, उद्योगपतियों को प्रदेश छोड़कर जाना पड़ा, लेकिन भाजपा सरकार में बड़ी संख्या में नए उद्योग लगेंगे। बंगाल रोजगार का हब बनेगा। सुवेंदु अधिकारी गुंडागर्दी खत्म करेंगे और सोनार बांग्ला का सपना साकार होगा।

Exit mobile version