March 7, 2026
National

भाजपाई जाएंगे तो महंगाई जाएगी: अखिलेश यादव

If BJP members go, inflation will go away: Akhilesh Yadav

7 मार्च । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को केंद्र और उत्तर प्रदेश की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में बढ़ती महंगाई और भारी टैक्स का बोझ आम लोगों को परेशान कर रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब भाजपाई जाएंगे, तभी महंगाई भी जाएगी।

राजधानी लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार एक तरफ लगातार टैक्स बढ़ा रही है, वहीं दूसरी तरफ महंगाई भी लगातार बढ़ती जा रही है।

उन्होंने एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ने का जिक्र करते हुए कहा कि एक बार कोई चीज महंगी हो जाती है तो बाद में उसके सस्ते होने की उम्मीद कम ही रहती है। उनके मुताबिक, गाड़ियों पर लगभग 50 प्रतिशत तक टैक्स लगाया जा रहा है, जिससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।

इस दौरान पूर्व डीआईजी राम शरद राम समेत कई लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। अखिलेश यादव ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में लोगों का पार्टी से जुड़ना इस बात का संकेत है कि जनता का भरोसा समाजवादी पार्टी पर लगातार बढ़ रहा है।

सपा प्रमुख ने कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कई मामलों में पुलिस की भूमिका सवालों के घेरे में है। कानपुर में सामने आए एक मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों की कॉल डिटेल सामने आने पर तस्करों से उनके संबंध उजागर हुए हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब पुलिसकर्मियों की कॉल डिटेल निकाली जा सकती है तो तस्करों की कॉल डिटेल क्यों नहीं निकाली जाती। अखिलेश यादव ने भाजपा पर राजनीतिक प्रचार के लिए गाने का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी को बदनाम करने के उद्देश्य से एक गाना लॉन्च किया गया है।

उन्होंने कहा कि इस मामले में पार्टी एफआईआर दर्ज कराएगी और इससे यह भी साफ हो जाएगा कि कार्रवाई होती है या नहीं। अपनी सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने प्रदेश में कई बड़े विकास कार्य किए थे। एक्सप्रेसवे निर्माण, लैपटॉप वितरण, रिवरफ्रंट परियोजना, डायल-100 सेवा, एंबुलेंस व्यवस्था और कैंसर इंस्टीट्यूट जैसे कई बड़े प्रोजेक्ट उसी समय शुरू हुए थे।

अखिलेश ने दावा किया कि प्रदेश में सबसे अधिक थर्मल पावर प्लांट भी सपा सरकार के दौरान लगाए गए थे। उन्‍होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कई जगह वोट कटवाने की कोशिश की जा रही थी।

सपा प्रमुख ने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध न किया होता तो कई विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची से नाम हटाए जा सकते थे। विदेश नीति के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि रूस भारत का पुराना मित्र रहा है और अगर वहां से सस्ता तेल उपलब्ध हो रहा है तो भारत को उसका लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

अखिलेश ने यह भी दावा किया कि आने वाले समय में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के गठजोड़ यानी पीडीए की सरकार बनेगी और समाजवादी पार्टी प्रदेश में मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगी।

Leave feedback about this

  • Service