N1Live National एनडीए में हिम्मत है तो बिहार में यूसीसी कराकर दिखाए : भाई वीरेंद्र
National

एनडीए में हिम्मत है तो बिहार में यूसीसी कराकर दिखाए : भाई वीरेंद्र

If NDA has the courage, then it should implement UCC in Bihar: Bhai Virendra

25 मार्च । राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक भाई वीरेंद्र ने यूसीसी के मुद्दे पर बिहार की डबल इंजन सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इस सरकार में हिम्मत है तो प्रदेश में यूसीसी लागू कराकर दिखाए। हम बिहार में यूसीसी लागू नहीं होने देंगे।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक भाई वीरेंद्र का यह बयान उस वक्त आया है, जब गुजरात विधानसभा ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक पारित कर दिया है। गुजरात यूसीसी लागू करने वाला दूसरा राज्य बन गया है। गुजरात से पहले उत्तराखंड की भाजपा सरकार ने यूसीसी लागू की थी।

पटना में आईएएनएस से बातचीत में राजद विधायक ने कहा कि यह सरकार जो कानून ला रही है और कई नई चीजों को लेकर बात करती है। अगर देश में वन नेशन वन इलेक्शन की बात होती है तो देश में वन नेशन वन एजुकेशन पर बात क्यों नहीं होती। भाजपा सरकार सिर्फ अपने एजेंडा को पूरा करने के लिए यूसीसी लागू कर रही है। इसका मतलब साफ है कि यूसीसी लागू कर ये लोग एक धर्म के खिलाफ कार्रवाई करने की सोच रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह देश सभी का है, देश की आजादी की लड़ाई में सभी धर्मों के लोगों ने अपना सबकुछ दिया है। लेकिन, सवाल यह है कि भाजपा जिस संघ के एजेंडे को आगे बढ़ा रही है, उनकी आजादी की लड़ाई में क्या भूमिका थी। यूसीसी लागू कर भाजपा ने साफ कर दिया कि यह लोग संघ का एजेंडा लागू करना चाहते हैं। लेकिन, देश की जनता इसे कभी बर्दाश्त नहीं कर सकती है। हम विश्वास के साथ कहते हैं कि जब दूसरी सरकारें आएंगी तो पहले जो कानून थे, वहीं लागू होंगे।

एनडीए सरकार को चेतावनी देते हुए राजद विधायक ने कहा कि हिम्मत है तो बिहार में यूसीसी कराए सरकार। यहां हम लोग नहीं होने देंगे।

मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच बुलाई गई सर्वदलीय बैठक पर राजद विधायक ने कहा कि मैंने पहले भी कहा था कि सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए। खाड़ी देशों में अमेरिका की दादागिरी समाप्त होनी चाहिए। मैंने कहा था कि भारत को अमेरिका के खिलाफ लड़ाई लड़नी चाहिए। अमेरिका की दादागिरी को बंद करना ही होगा।

सर्वदलीय बैठक में राहुल गांधी के नहीं आने पर राजद विधायक ने कहा कि अगर राहुल गांधी सर्वदलीय बैठक में नहीं जा रहे हैं तो कोई न कोई जरूरी कार्य उनके समक्ष होगा। मुझे लगता है कि बैठक में राहुल गांधी की जगह कोई न कोई प्रतिनिधि जरूर शामिल होगा।

Exit mobile version