N1Live National ऋषिकेश आएं तो इस हनुमान मंदिर के दर्शन जरूर करें, सच्चे मन से मांगें मुराद
National

ऋषिकेश आएं तो इस हनुमान मंदिर के दर्शन जरूर करें, सच्चे मन से मांगें मुराद

देवभूमि उत्तराखंड की गोद में बसा ऋषिकेश योग, गंगा आरती और चमत्कारी मंदिरों के लिए भी विश्व प्रसिद्ध है। यहां के कण-कण में आध्यात्मिकता बसी हुई है। ऐसे ही पवित्र स्थलों में से एक है मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर। इस प्राचीन स्थान पर गुरु गोरखनाथ और भगवान हनुमान के स्वयं प्रकट हुए पवित्र पिंड (पिट्ठी) मौजूद हैं। बाद में यहां बजरंगबली की भव्य पाषाण प्रतिमा स्थापित की गई थी। मंगलवार के दिन उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर मंदिर के लिए खास पोस्ट शेयर किया।

सीएम धामी ने वीडियो पोस्ट कर लिखा, “ऋषिकेश में मौजूद मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर आस्था के बड़े केंद्रों में से एक है। मंगलवार और शनिवार को मंदिर में भक्तों की भीड़ खास तौर पर होती है। ऋषिकेश आने पर आपको भी इस पवित्र मंदिर में जाकर भगवान हनुमान का आशीर्वाद लेना चाहिए।”

मान्यता है कि इस मंदिर में सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद पूरी होती है, इसलिए इसे मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर कहा जाता है। पहाड़ियों और गंगा के किनारे स्थित यह मंदिर न सिर्फ भक्तों की आस्था का केंद्र है बल्कि यहां आने वाले हर व्यक्ति को मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव भी होता है।

इस पवित्र धाम का उल्लेख स्कंद पुराण में भी मिलता है। मान्यता है कि यहां एक सिद्ध बाबा ने कठोर तपस्या की थी, जिससे उन्हें हनुमान जी की सिद्धि प्राप्त हुई थी। इसके बाद उन्होंने बजरंगबली की पाषाणी (पत्थर की) प्रतिमा स्थापित की, जिसके कारण इसका नाम ‘सिद्धबली’ पड़ा।

ऐसा भी विश्वास है कि हनुमान जी ने अपने एक भक्त को दिए वचन को निभाने के लिए इस स्थान पर प्रहरी (रक्षक) के रूप में रहना स्वीकार किया था और आज भी वे यहां साक्षात् विराजमान हैं। मान्यता है कि मनोकामना पूरी होने पर भक्त यहां भंडारा कराते हैं। इस मंदिर में भंडारा कराने की इतनी अधिक मांग और मान्यता है कि इसके लिए वर्षों पहले बुकिंग करानी पड़ती है।

Exit mobile version