भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रोपड़ की एक पीएचडी छात्रा ने अपने सुपरवाइजर पर मारपीट और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। छात्रा ने संस्थान के अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। जवाब से असंतुष्ट होकर उसने ‘X’ पर अपने साथ हुई घटना का ब्योरा साझा किया। उसने आरोप लगाया कि जब उसने सुपरवाइजर की मांगों को मानने से इनकार कर दिया, तो उसने उसके चेहरे पर घूंसा मारा। उसने सुपरवाइजर पर जापान यात्रा पर साथ चलने के लिए दबाव डालने और पीएचडी कार्यक्रम से निष्कासन की धमकी देने का भी आरोप लगाया।
आईआईटी रोपड़ के अधिकारियों ने बताया कि उनकी शिकायत समिति ने औपचारिक जांच शुरू कर दी है। आधिकारिक बयान में कहा गया है, “संस्थान ने शिकायतकर्ता की सुरक्षा, गरिमा और शैक्षणिक प्रगति सुनिश्चित करने के लिए उसे तत्काल अंतरिम राहत प्रदान की है।” इसमें यह भी कहा गया है कि आरोपी को जबरन छुट्टी पर भेज दिया गया है और शोधार्थी को अपना काम जारी रखने की अनुमति देने के लिए व्यवस्था की गई है।

