February 17, 2026
Entertainment

मैं वापस आई हूं, लेकिन पहले से कहीं ज्यादा गहराई के साथ: अनु अग्रवाल

I’m back, but with more depth than before: Anu Aggarwal

17 फरवरी । 90 के दशक की मशहूर अभिनेत्री अनु अग्रवाल अब भले ही बड़े पर्दे पर नजर नहीं आती हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर अक्सर पॉजीटिव और प्रेरणादायक पोस्ट करती रहती हैं। इंस्टाग्राम पर सोमवार को उन्होंने वेलेंटाइन और महाशिवरात्रि के संदेश को गहराई से जोड़ते हुए पोस्ट किया।

अनु अग्रवाल ने अपनी कुछ तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा प्यार सिर्फ रोमांस तक सीमित नहीं है बल्कि वह इसे भक्ति, शांति और आत्म-जागरूकता से जोड़ती हैं। उन्होंने लिखा, “वेलेंटाइन डे ने प्यार को सेलिब्रेट किया, लेकिन महाशिवरात्रि ने उस प्यार को और भी गहरा बना दिया। जब भक्ति बहुत मजबूत हो जाती है और अहंकार पूरी तरह समाप्त होने लगता है, तो क्या बचता है? सिर्फ उपस्थिति यानी कि अंदर की गहरी शांति।

अभिनेत्री ने आगे बताया कि ध्यान कोई भागना नहीं है, बल्कि खुद को संभालने और बेहतर बनाने का तरीका है। ठीक वैसे ही जैसे हम बेकार की बातें और नकारात्मक विचार हटाकर अपने मन को अपडेट करते रहते हैं। उन्होंने लिखा, “प्यार कोई इंसान नहीं होता है, बल्कि यह तो एक एहसास है, जिसे हम अपने अंदर रखते हैं। यह एहसास हमें शांत, सजग और बिना किसी विचलन के बनाए रखता है। भगवान शिव सिखाते हैं कि जो कुछ भी झूठा है, उसे मिटा दो। वहीं शक्ति हमें बताती है कि सच्चाई से नया निर्माण करो।

अभिनेत्री ने आखिरी में लिखा, “मैं चमक नहीं रही, मैं भीतर से मजबूत और स्थिर हूं। मैं वापस आई हूं, लेकिन पहले से कहीं ज्यादा गहराई के साथ।”

महेश भट्ट की फिल्म ‘आशिकी’ से रातों-रात स्टार बनने वाली अभिनेत्री अनु अग्रवाल ने जितनी जल्दी अपने करियर की ऊंचाइयों को छुआ, वैसे ही उनके जीवन से सब कुछ चला भी गया था। दरअसल, जब अभिनेत्री अपने करियर के पीक पर थीं, उसी दौरान उनका कार एक्सीडेंट हो गया था, जिस वजह से उनकी हालत बहुत खराब हो गई थी। लगभग एक महीने तक कोमा में रहने के बाद काफी लंबे समय तक उनका इलाज चला था। इसके बाद उन्होंने योग, ध्यान और आध्यात्मिकता का सहारा लिया। योग ने उन्हें शारीरिक और मानसिक दोनों तरफ से मजबूती दी।

Leave feedback about this

  • Service