N1Live World पीएम मोदी और साइप्रस राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिड्स के बीच अहम बैठक, कई मुद्दों पर हुई चर्चा
World

पीएम मोदी और साइप्रस राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिड्स के बीच अहम बैठक, कई मुद्दों पर हुई चर्चा

Important meeting between PM Modi and Cyprus President Nicos Christodoulides, many issues were discussed

 

नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिड्स ने शुक्रवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बैठक की।

इस बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, तकनीक, शिक्षा, संस्कृति, लोगों की आवाजाही, रक्षा और सुरक्षा, एआई, फिनटेक, इनोवेशन और रिसर्च जैसे कई अहम क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की।

विदेश मंत्रालय (एमईए) के बयान के मुताबिक, दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सहयोग को लेकर भी अपने विचार साझा किए।

बैठक से पहले दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से एक-दूसरे का स्वागत किया और साथ में एक सेल्फी भी ली।

इससे पहले दिन में राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिड्स ने राजघाट जाकर महात्‍मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिड्स से मुलाकात की और भारत-साइप्रस संबंधों और भारत-यूरोपीय संघ सहयोग को लेकर उनके सकारात्मक विचारों की सराहना की।

बैठक के बाद जयशंकर ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “नई दिल्ली में साइप्रस गणराज्य के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिड्स से मिलकर खुशी हुई। भारत-साइप्रस संबंधों और भारत-ईयू सहयोग को मजबूत करने के लिए उनके सकारात्मक विचार और मार्गदर्शन की सराहना करता हूं।”

राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिड्स गुरुवार को नई दिल्ली पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने उनका स्वागत किया।

विदेश मंत्रालय ने सोशल मीड‍िया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर लिखा, “भारत यात्रा के मुंबई दौरे के बाद नई दिल्ली पहुंचे साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिड्स का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उन्हें औपचारिक स्वागत और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

एमईए के मुताबिक, यह यात्रा जून 2025 में प्रधानमंत्री मोदी की साइप्रस यात्रा के बाद बने सकारात्मक माहौल को आगे बढ़ाने और भारत-साइप्रस साझेदारी को और मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता को दिखाती है।

राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिड्स , राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति मुर्मु ने उनके सम्मान में आधिकारिक भोज का आयोजन क‍िया है।

नई दिल्ली आने से पहले राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिड्स मुंबई भी गए थे। गुरुवार को उन्होंने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एनएसई) के चेयरमैन श्रीनिवास इंजेती और एमडी एवं सीईओ आशीष कुमार चौहान के साथ मुंबई में एनएसई इंडिया की घंटी बजाई।

एनएसई इंडिया ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर लिखा, “इस दौरे में एनएसई परिसर का भ्रमण और हमारी लीडरशिप टीम के साथ भारत और साइप्रस के बीच संबंध मजबूत करने और नए सहयोग के अवसरों पर चर्चा भी शामिल रही।”

Exit mobile version