N1Live National महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी मामले में सीबीआई ने छह राज्यों में 33 जगहों पर छापेमारी की
National

महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी मामले में सीबीआई ने छह राज्यों में 33 जगहों पर छापेमारी की

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने पिछले कुछ दिनों में 6 राज्यों की 33 जगहों पर छापेमारी की है। ये छापे ‘महादेव ऑनलाइन बुक ऐप’ (एक अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म) के पैनल ऑपरेटरों के ठिकानों पर मारे गए। ये छापेमारी मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर द्वारा किए गए खुलासों के आधार पर की गई।

इन छापों के दौरान लाइव सट्टेबाजी और जुए के पैनल चलते हुए पाए गए, जिन्हें बंद कर दिया गया। जांच के दौरान डिजिटल डिवाइस, मोबाइल फोन और ऐसे अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं, जिनसे पता चलता है कि ‘म्यूल अकाउंट्स’ (दूसरों के नाम पर खोले गए खाते) और हवाला नेटवर्क का इस्तेमाल किया जा रहा था।

महादेव ऑनलाइन बुक ऐप के प्रमुख प्रमोटरों में से एक सौरभ चंद्राकर को ओमान सल्तनत से भारत लाया गया था। इसके बाद 1 नवंबर को सीबीआई ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने 12 नवंबर को सौरभ चंद्राकर को रायपुर के विशेष न्यायाधीश के सामने पेश किया, जहां से उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि यह प्लेटफॉर्म कैसे काम करता है और भारत में इसके पैनल ऑपरेटरों का नेटवर्क किस तरह फैला हुआ है। जांच के दौरान जुटाए गए दस्तावेजों और डिजिटल सबूतों के आधार पर उससे सवाल-जवाब भी किए गए।

सीबीआई ने बताया कि अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है। इसमें विदेश में रह रहे वे लोग भी शामिल हैं, जिन्होंने इस काम में मदद की। इससे जुड़े सरकारी अधिकारी भी इसमें शामिल हैं। अन्य फरार आरोपियों के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया चल रही है।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ राज्य सरकार से मामला सौंपे जाने के बाद सीबीआई ने ‘महादेव ऑनलाइन बुक’ मामले में दो एफआईआर दर्ज की हैं। अब तक की जांच से पता चला है कि यह प्लेटफॉर्म विदेश से एक मुख्य कार्यालय (हेड ऑफिस) के जरिए चलाया जाता है और भारत में पैनल ऑपरेटरों के एक बड़े नेटवर्क के माध्यम से काम करता है। ये ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी संभालते हैं, सट्टेबाजी का पैसा उन बैंक खातों में जमा करते हैं जो खास तौर पर दूसरों के नाम पर खोले गए या किराए पर लिए गए होते हैं और फिर हवाला के जरिए मुनाफा विदेश भेज देते हैं।

सीबीआई ने बताया कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ खेलना गैरकानूनी है। ऐसी गतिविधियों के लिए अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान दस्तावेज किसी और को देना या किराए पर देना भी एक आपराधिक कृत्य है, जिसके लिए खाताधारक पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।

Exit mobile version