N1Live Entertainment यादों में इंदर : लुक्स में सलमान को टक्कर, अक्षय के साथ हिट फिल्म, हेलीकॉप्टर हादसे ने बदल दी थी जिंदगी
Entertainment

यादों में इंदर : लुक्स में सलमान को टक्कर, अक्षय के साथ हिट फिल्म, हेलीकॉप्टर हादसे ने बदल दी थी जिंदगी

Inder in Retrospect: Rivaling Salman in looks, a hit film with Akshay, and a life-altering helicopter crash.

इंदर कुमार उन कलाकारों में थे, जिनके पास हीरो बनने के लिए जरूरी लगभग हर चीज थी। शानदार लुक्स, अच्छी बॉडी, डांस और एक्शन करने का अंदाज और कैमरे के सामने कॉन्फिडेंस। 90 के दशक में जब सलमान खान अपनी फिटनेस और स्टाइल से लोगों के बीच छाए हुए थे, उसी दौर में इंदर कुमार भी अपने लुक्स और फिजीक को लेकर चर्चा में रहते थे।

उन्होंने अक्षय कुमार के साथ फिल्म में काम किया, सलमान खान के साथ भी उनकी अच्छी दोस्ती थी और बाद में ‘वांटेड’ जैसी बड़ी हिट फिल्म का हिस्सा बने। लेकिन, जिस करियर को एक समय उड़ान मिलती दिख रही थी, उसे एक खतरनाक हेलीकॉप्टर हादसे ने पूरी तरह बदल दिया।

इंदर कुमार का जन्म 26 अगस्त 1973 को राजस्थान के जयपुर में हुआ था। उनकी पढ़ाई मुंबई में हुई और यहीं से उन्होंने फिल्मों में जाने का सपना देखा। इंदर सिर्फ अभिनय ही नहीं, बल्कि अपने लुक्स और शानदार बॉडी के कारण भी लोगों का ध्यान खींचते थे। उस दौर में उन्हें सलमान खान के लुक्स और फिजीक का मुकाबला करने वाला अभिनेता तक कहा जाता था।

फिल्मों में उनका सफर 1996 में ‘मासूम’ से शुरू हुआ। इस फिल्म में उनके साथ आयशा जुल्का थीं। इसी साल वह अक्षय कुमार की फिल्म ‘खिलाड़ियों का खिलाड़ी’ में भी नजर आए। दोनों फिल्मों ने उन्हें पहचान दिलाई। इसके बाद उन्हें लगातार फिल्मों के ऑफर मिलने लगे। उन्होंने ‘घूंघट’, ‘तिरछी टोपीवाले’, ‘कुंवारा’, ‘गजगामिनी’, ‘कहीं प्यार न हो जाए’, ‘मां तुझे सलाम’, ‘तुमको न भूल पाएंगे’ जैसी फिल्मों में काम किया। वह अक्सर साइड हीरो के रोल में नजर आते थे।

इंदर कुमार और सलमान खान की दोस्ती भी खूब चर्चा में रही। दोनों ने ‘कहीं प्यार न हो जाए’, ‘तुमको न भूल पाएंगे’ और ‘वांटेड’ में साथ काम किया। खासतौर पर 2009 की ‘वांटेड’ इंदर के करियर के लिए महत्वपूर्ण फिल्म साबित हुई। फिल्म में वह सलमान के दोस्त के किरदार में दिखाई दिए और उनके काम को दर्शकों ने पसंद किया। यह वही दौर था, जब सलमान खान का करियर भी फिर से तेजी पकड़ रहा था।

इंदर ने छोटे पर्दे पर भी अपनी पहचान बनाई। वह लोकप्रिय टीवी शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ में मिहिर वीरानी के किरदार में नजर आए थे। उनके करियर में सबसे बड़ा मोड़ फिल्म ‘मसीहा’ की शूटिंग के दौरान आया। फिल्म के लिए वह एक स्टंट कर रहे थे और इसी दौरान हेलीकॉप्टर से गिर गए। इस हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई। डॉक्टरों ने उन्हें लंबे समय तक बेड रेस्ट की सलाह दी।

कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें यह तक बताया गया था कि उनके लिए दोबारा अपने पैरों पर खड़ा होना आसान नहीं होगा। इस हादसे का सीधा असर उनके फिल्मी करियर पर पड़ा। उन्हें लंबे समय तक बिस्तर पर रहना पड़ा और फिल्मों से दूरी बन गई। वापसी की कोशिशों के बावजूद पहले जैसी रफ्तार नहीं लौट सकी। इसके बाद वह ‘वांटेड’ में नजर आए, लेकिन स्टार बनने का उनका सपना अधूरा रह गया।

28 जुलाई 2017 को इंदर कुमार का मुंबई स्थित घर में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह सिर्फ 44 साल के थे। उनके निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक फैल गया। उस समय वह कुछ नए प्रोजेक्ट्स पर भी काम कर रहे थे।

Exit mobile version