N1Live National ‘वैश्विक विकास के लिए एक लॉन्च पैड है भारत’, ऑकलैंड में पीएम मोदी ने निवेशकों को किया आमंत्रित
National

‘वैश्विक विकास के लिए एक लॉन्च पैड है भारत’, ऑकलैंड में पीएम मोदी ने निवेशकों को किया आमंत्रित

'India is a launchpad for global growth': PM Modi invites investors in Auckland.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ऑकलैंड में न्यूजीलैंड के अपने समकक्ष क्रिस्टोफर लक्सन के साथ मिलकर खेल और बिजनेस से जुड़े कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि भारत सिर्फ एक बाजार नहीं है। भारत ग्लोबल ग्रोथ के लिए एक लॉन्च पैड है।”

प्रमुख व्यापार और खेल जगत की हस्तियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “ऑकलैंड में आप सबके बीच आकर मुझे बहुत प्रसन्नता हो रही है। मैं प्रधानमंत्री लक्सन का भारत के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता के लिए विशेष आभार प्रकट करता हूं। आप सभी की उपस्थिति न्यूजीलैंड की इनोवेशन, एंटरप्राइज और फ्यूचर ओरिएंटेड सोच का प्रतीक है। भारत की ओर से मैं 140 करोड़ लोगों की आकांक्षा और महत्वाकांक्षा का संदेश लेकर आया हूं।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब भारत और न्यूजीलैंड के संबंध एक टर्निंग प्वाइंट पर हैं। आज हम अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के सूत्र में बांध रहे हैं। यह सिर्फ एक राजनयिक मील का पत्थर नहीं है। यह हमारे साझा भविष्य का नया संकल्प है। इस वर्ष दोनों देशों के बीच 9 महीनों के रिकॉर्ड समय में फ्री ट्रेड एग्रीमेंट किया है। यह आप सभी के लिए बाज़ार तक पहुँच, निवेश, सेवाएं, तकनीक और प्रतिभा गतिशीलता के नए अवसर लेकर आएगा।”

उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि दोनों देश नए जोश और उत्साह के साथ काम करते हुए 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना बढ़ाएंगे। न्यूजीलैंड की ओर से अगले 15 सालों में भारत में 20 बिलियन डॉलर के निवेश की प्रतिबद्धता की गई है। यह सिर्फ निवेश का नहीं है, बल्कि भारत की विकास यात्रा में सहभागी बनने की भी प्रतिबद्धता है।

पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती हुई प्रमुख अर्थव्यवस्था है। हमारा बढ़ता हुआ मध्यम वर्ग, बड़े पैमाने पर डिजिटल तकनीक को अपनाना और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर भारत को विकास की एक अनोखी कहानी बनाते हैं। भारत में हमने ‘रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म’ को अपने शासन का आधार बनाया है।

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, “आज भारत में नीतिगत स्थिरता, राजनीतिक स्थिरता और विकास की निरंतरता है। इसलिए विश्व को हमारा संदेश है कि भारत सिर्फ एक बाजार नहीं है। भारत वैश्विक विकास के लिए एक लॉन्च पैड है।”

पीएम मोदी ने उदाहरण के तौर पर बताया कि भारत में व्यवसायों को इन अवसरों का लाभ उठाने में मदद करने के लिए हमने ‘प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव’ (पीएलआई) योजना शुरू की है। इस पहल के तहत खाद्य प्रसंस्करण से लेकर टेक्सटाइल तक, 14 क्षेत्रों में 20 बिलियन अमेरिकी डॉलर की सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा, “मैं आप सभी को मैन्युफैक्चरिंग के इस अभियान का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित करता हूं।”

उन्होंने कहा कि भारत में एयरपोर्ट, क्षेत्रीय कनेक्टिविटी, एयर कार्गो और पर्यटन तेजी से बढ़ रहे हैं। भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा घरेलू विमानन बाजार है। हम मिलकर कार्गो कॉरिडोर, फ्लाइट कनेक्टिविटी और संयुक्त पर्यटन पैकेज बना सकते हैं। पीएम मोदी ने कहा, ‘कीवी, एप्पल, हनी और सी फूड के लिए पेरिसेबल कार्गो सॉल्यूशंस विकसित किए जा सकते हैं।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि न्यूजीलैंड के पास बागवानी, डेयरी विज्ञान और वन विज्ञान में विशाल विशेषज्ञता हैं। भारत के पास कंज्यूमर मार्केट, फूड पार्क और एग्रीटेक टैलेंट की ताकत है। हम मिलकर ‘फॉर्म टू मार्केट’ वैल्यू चेन और ग्लोबल एक्सपोर्ट प्लेटफॉर्म बना सकते हैं। फिनटेक में आज भारत ग्लोबल लीडर है। दुनिया की 50 प्रतिशत रीयल टाइम डिजिटल पेमेंट भारत में होती है। हम डिजिटल पेमेंट के साथ साथ ग्रीन बॉन्ड में भी आगे बढ़ सकते हैं।

उन्होंने आगे कहा, “हमने अंतरिक्ष क्षेत्र को निजी भागीदारी के लिए खोल दिया है। आज भारत में 400 से अधिक स्पेस स्टार्टअप्स हैं। दोनों देशों की कंपनियां भारत के इकोसिस्टम के साथ मिलकर छोटे उपग्रह, रिमोट सेंसिंग और महासागर की निगरानी में काम कर सकती हैं। भारत में ‘स्मार्ट सिटी’ मिशन के अंदर 100 शहरों में 8 हजार से अधिक प्रोजेक्ट पर काम हो रहा है। हम मिलकर शहरी आवागमन, जल प्रबंधन और कचरा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में काम कर सकते हैं।”

Exit mobile version