पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने भारत-अमेरिका के बीच व्यापार समझौते का स्वागत करते हुए कहा है कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में दुनिया की बड़ी आर्थिक ताकत बन रहा है।
सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, “यह भारत के लिए ऐतिहासिक दिन है। भारत दुनिया के आर्थिक क्षेत्र का उभरता हुआ तारा बना है। अमेरिका के साथ भारत की ट्रेड डील हुई है और टैरिफ भी कम हुआ है। इससे पहले न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, यूएई और यूरोपीय यूनियन के सभी देशों के साथ डील हुई।”
उन्होंने कहा कि दुनिया भारत के साथ जुड़ना चाहती है और हमारे साथ आर्थिक रिश्ते बनाना चाहती है। यह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ‘मेक इन इंडिया’ प्रोडक्ट्स को बढ़ावा मिलेगा।
वहीं, शिवसेना (शिंदे गुट) सांसद मिलिंद देवड़ा ने भारत-अमेरिका डील की सभी को बधाई देते हुए कहा, “सबसे पहले प्रधानमंत्री को बहुत धन्यवाद देता हूं, सभी भारतवासियों की ओर से उनका आभार व्यक्त करना चाहता हूं। भारत के सभी नागरिकों को और खास करके जो छोटे व्यापारी हैं, उनको मैं बहुत-बहुत बधाई देना चाहता हूं। भारत और यूएस के बीच में जो ट्रेड डील कल घोषित की गई है, इसके साथ-साथ पिछले हफ्ते में भारत और यूरोप के साथ जो ट्रेड डील हुई है, इसका डायरेक्ट फायदा भारत के छोटे व्यापारियों और छोटे मैन्युफैक्चरर्स को होगा।”
उन्होंने विपक्ष के आरोपों पर भी जवाब दिया और कहा, “विपक्ष दो दिन पहले कह रहा था कि स्टॉक मार्केट गिर गई है। इसका साफ मतलब है कि बजट फेल हुआ। आज स्टॉक मार्केट 3 प्रतिशत ऊपर है। इसका साफ मतलब है कि विपक्ष के लॉजिक के अनुसार, ट्रेड डील बहुत अच्छी डील है।”
मिलिंद देवड़ा ने दोहराते हुए कहा, “मैं इसका स्वागत करता हूं कि भारत के राष्ट्रीय हित और आर्थिक हित को ध्यान में रखते हुए डील को तय किया है। इसका सीधा फायदा भारत में मैन्यूफैक्चरिंग करने वाले छोटे व्यापारियों को होगा। उनके लिए पूरा विश्व एक मार्केट बन चुका है।”

