N1Live National वैश्विक संकट में भारत पर सबसे कम बोझ, अमित शाह ने नक्सलवाद को खत्म किया: शाहनवाज हुसैन
National

वैश्विक संकट में भारत पर सबसे कम बोझ, अमित शाह ने नक्सलवाद को खत्म किया: शाहनवाज हुसैन

India is least burdened by global crisis, Amit Shah has eradicated Naxalism: Shahnawaz Hussain

भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी, देश के नक्सलमुक्त होने के दावे, कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला को असम पुलिस के समन और पश्चिम बंगाल में पत्थरबाजी की घटनाओं पर सरकार का पक्ष रखा।

ईंधन की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को लेकर उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया इस समय वैश्विक संकट से गुजर रही है। हरमुज स्ट्रेट बंद होने और तेल, डीजल व गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से दुनिया भर में परेशानी बढ़ी है। कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि कई देशों में तेल और गैस के दाम 44 प्रतिशत, 45 प्रतिशत और कहीं 60 प्रतिशत तक बढ़े हैं, जबकि भारत में जनता पर सबसे कम बोझ डाला जा रहा है।

देश के गृह मंत्री अमित शाह के नक्सलमुक्त भारत के दावे पर उन्होंने कहा कि पूरे देश को अमित शाह की सराहना करनी चाहिए। गृह मंत्री ने तय समय सीमा में नक्सलवाद खत्म करने का जो वादा किया था, उसे पूरा करके दिखाया है। अच्छी रणनीति के तहत देश को नक्सलमुक्त किया गया है और इसे लेकर देशभर में खुशी का माहौल है।

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा से जुड़े कथित पासपोर्ट विवाद मामले में कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला को असम पुलिस द्वारा भेजे गए समन पर उन्होंने कहा कि यदि कोई गलत बयानबाजी करेगा तो संबंधित पक्ष को अपनी प्रतिष्ठा की रक्षा करने का अधिकार है। जो लोग गलत तरीके से दुष्प्रचार करेंगे, उन्हें नोटिस मिलना स्वाभाविक है।

पश्चिम बंगाल में पत्थरबाजी की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई को लेकर उन्होंने कहा कि अगर कोई पत्थरबाजी की कोशिश करेगा तो मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी उसे छोड़ने वाले नहीं हैं। पश्चिम बंगाल में अब कानून का राज है और कानून के अनुसार ही राज्य चलेगा। जो भी कानून को हाथ में लेने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version