N1Live National भारत ने पीएम मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी पर मालदीव के राजदूत को तलब किया
National

भारत ने पीएम मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी पर मालदीव के राजदूत को तलब किया

India summons Maldives ambassador over derogatory remarks against PM Modi

नई दिल्ली, 8 जनवरी  । मालदीव के तीन मंत्रियों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने सोमवार को इस मामले में मालदीव के उच्चायुक्त इब्राहिम शाहीब को तलब किया।

शाहीब सोमवार सुबह दिल्ली के साउथ ब्लॉक स्थित विदेश मंत्रालय के दफ्तर पहुंचे।

जानकारी के मुताबिक, भारत ने इस मुद्दे पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले तीन मंत्रियों को मालदीव सरकार ने बर्खास्त कर दिया है।

माले में भारतीय उच्चायोग ने रविवार को मालदीव सरकार के सामने यह मुद्दा उठाया था।

गौरतलब है कि यह विवाद उस वक्त शुरू हुआ जब मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू एक सप्ताह की चीन यात्रा पर रवाना हुए हैं।

भारत द्वारा कड़ी आपत्ति जताने के बाद मालदीव सरकार ने बयान जारी कर सफाई दी है। मालदीव सरकार के मुताबिक इस मामले में मंत्रियों द्वारा दिए गए बयान निजी हैं। मालदीव सरकार का कहना है कि इस मामले से सरकार का कोई लेना-देना नहीं है।

यह विवाद तब शुरू हुआ जब मालदीव के तीन उपमंत्रियों ने लक्षद्वीप दौरे के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत लक्षद्वीप को मालदीव के वैकल्पिक पर्यटन स्थल के रूप में पेश करने की कोशिश कर रहा है।

मालदीव के प्रमुख विपक्षी नेताओं ने भी इस मामले पर अपनी ही सरकार की आलोचना की है।

मालदीव के मंत्रियों की अपमानजनक टिप्पणियों की पूरे देश में निंदा की जा रही है।

भारतीय फिल्मी सितारे, खिलाड़ी और मशहूर हस्तियां सोशल मीडिया पर लोगों से मालदीव जाने की बजाय भारतीय पर्यटन स्थलों पर जाने की अपील कर रहे हैं। कई भारतीय पर्यटकों ने मालदीव की यात्रा रद्द करने की जानकारी सोशल मीडिया पर भी दी है।

Exit mobile version