N1Live National कतर की मंत्री से भारतीय राजदूत की मुलाकात, कई मुद्दों पर हुई चर्चा
National

कतर की मंत्री से भारतीय राजदूत की मुलाकात, कई मुद्दों पर हुई चर्चा

Indian Ambassador meets Qatari Minister, several issues discussed

30 मार्च । कतर की अंतर्राष्ट्रीय सहयोग राज्य मंत्री से भारत के राजदूत ने मुलाकात की। इसकी जानकारी कतर में मौजूद भारतीय दूतावास की तरफ से दी गई है। इस मुलाकात के दौरान कई विषयों पर चर्चा की गई।

भारतीय दूतावास की तरफ से बताया गया कि राजदूत ने अंतर्राष्ट्रीय सहयोग राज्य मंत्री मरियम बिन्त अली बिन नासिर अल मिसनाद से मुलाकात किया। बैठक में द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं और क्षेत्रीय स्थिति में गिरावट के लिए बातचीत और कूटनीति की आवश्यकता पर चर्चा की गई। राजदूत ने भारतीय समुदाय के समर्थन के लिए मंत्री को भी धन्यवाद दिया।

वहीं, कतर के विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए एक बयान में बताया गया कि कतर की अंतर्राष्ट्रीय सहयोग राज्य मंत्री मरियम बिन्त अली बिन नासिर अल मिसनाद ने रविवार को भारत के राजदूत से मुलाकात की। बैठक के दौरान चर्चा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ साझा चिंता के विभिन्न मुद्दों पर केंद्रित रही।

बयान में कहा गया है कि अंतर्राष्ट्रीय सहयोग राज्य मंत्री ने बैठक के दौरान, किसी भी बढ़ती कार्रवाई को तत्काल रोकने और बातचीत की मेज पर लौटने के साथ-साथ तनाव को नियंत्रित करने के लिए काम करने के लिए अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाने के महत्व को रेखांकित किया, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता की रक्षा की जा सके।

बता दें कि मिडिल ईस्ट युद्ध के बीच दोनों के बीच हुई यह मुलाकात अहम मानी जा रही है। इन क्षेत्रों में स्थिति तनावपूर्ण है और बड़ी संख्या में लोग यहां से निकल रहे हैं।

इस बीच, कुवैत ने रविवार को बताया कि पिछले 24 घंटों में उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने कई हवाई खतरों को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया। हालांकि, एक सैन्य शिविर पर मिसाइल हमले में 10 सैनिक घायल हो गए। आधिकारिक बयान के अनुसार, रक्षा बलों ने 14 बैलिस्टिक मिसाइल और 12 ड्रोन को हवा में ही मार गिराया। इसके बावजूद कुछ प्रोजेक्टाइल एक सैन्य कैंप पर गिरे, जिससे 10 जवान घायल हो गए।

घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है। हमले में कैंप को भी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा एक निजी लॉजिस्टिक कंपनी के गोदामों को भी निशाना बनाया गया, जिससे संपत्ति का नुकसान हुआ, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ।

Exit mobile version