N1Live National भारतीय नौसेना किसी भी खतरे का सामना करने के लिए तैयार है: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
National

भारतीय नौसेना किसी भी खतरे का सामना करने के लिए तैयार है: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

Indian Navy is ready to face any threat: President Draupadi Murmu

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पश्चिमी तट पर पनडुब्बी आईएनएस वाघशीर पर सवार होकर समुद्री भ्रमण किया। नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी भी राष्ट्रपति के साथ थे। उन्होंने रविवार को कर्नाटक के कारवार नौसेना बंदरगाह पर पनडुब्बी पर सवार होकर समुद्री भ्रमण किया। दो घंटे से अधिक के इस भ्रमण के दौरान उन्होंने पनडुब्बी के चालक दल से बातचीत की और ऑपरेशनल प्रदर्शन देखे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के बाद पनडुब्बी में यात्रा करने वाली दूसरी राष्ट्रपति हैं।राष्ट्रपति भवन के अनुसार स्वदेशी कालवरी श्रेणी की पनडुब्बी पर यह पहली यात्रा सैन्य परिचालन स्थितियों में सशस्त्र बलों के साथ सर्वोच्च कमांडर की निरंतर सहभागिता को दर्शाती है। इससे पहले नवंबर 2024 में राष्ट्रपति ने स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत पर भारतीय नौसेना द्वारा किए गए एक परिचालन प्रदर्शन को देखा था।

राष्ट्रपति ने आगंतुक पुस्तिका में एक संक्षिप्त टिप्पणी लिखकर अपनी भावनाओं को व्यक्त किया, जिसमें उन्होंने कहा कि आईएनएस वाघशीर पर हमारे नाविकों और अधिकारियों के साथ नौकायन, गोताखोरी और समय बिताना मेरे लिए वास्तव में एक बहुत ही खास अनुभव था। उन्होंने कहा कि आईएनएस वाघशीर द्वारा किए गए कई सफल परीक्षण और चुनौतीपूर्ण अभियान चालक दल की असाधारण तत्परता और समर्पण को दर्शाते हैं, जो इसके आदर्श वाक्य ‘वीरतापूर्ण विजय’ के अनुरूप है।

उन्होंने कहा कि वाघशीर के चालक दल के अनुशासन, आत्मविश्वास और उत्साह को देखकर मुझे विश्वास हो गया है कि हमारी पनडुब्बियां और भारतीय नौसेना किसी भी खतरे और हर परिस्थिति का सामना करने के लिए तैयार हैं।

Exit mobile version