N1Live National भारत की औद्योगिक विकास दर जून में 7.3 प्रतिशत रही, इलेक्ट्रिसिटी और गैस आपूर्ति सेक्टर रहा आगे
National

भारत की औद्योगिक विकास दर जून में 7.3 प्रतिशत रही, इलेक्ट्रिसिटी और गैस आपूर्ति सेक्टर रहा आगे

India's industrial growth rate stood at 7.3 percent in June, with the electricity and gas supply sector leading the way.

औद्योगिक उत्पादन का सूचकांक (आईआईपी) जून में सालाना आधार पर 7.3 प्रतिशत की दर से बढ़ा है। इस दौरान इलेक्ट्रिसिटी एवं गैस आपूर्ति सेक्टर में 10.6 प्रतिशत और मैन्युफैक्चरिंग में 7.8 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि देखी गई। इसके अलावा, मुख्य क्षेत्रों में जून में खनन एवं उत्खनन क्षेत्र की वृद्धि दर एक प्रतिशत और जल आपूर्ति, सीवरेज एवं अपशिष्ट प्रबंधन क्षेत्र की वृद्धि दर 6.1 प्रतिशत रही है।।

मैन्युफैक्चरिंग के अंदर आने वाले 23 उद्योग समूहों में से 19 ने जून 2025 की तुलना में जून 2026 में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की। जून 2026 में सबसे अधिक योगदान देने वाले तीन उद्योग समूह में इलेक्ट्रिकल उपकरणों की मैन्युफैक्चरिंग ने 34 प्रतिशत; मोटर वाहन, ट्रेलर और सेमी-ट्रेलर की मैन्युफैक्चरिंग ने 17.5 प्रतिशत और खाद्य उत्पादों ने 10.8 प्रतिशत की वृद्धि दर हासिल की है।

7.3 प्रतिशत की वृद्धि से आईआईपी जून 2026 में बढ़कर 123.1 हो गया है, जो कि जून 2025 में 114.7 पर था। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, जून 2026 के लिए खनन एवं उत्खनन, मैन्युफैक्चरिंग, बिजली और गैस आपूर्ति, और जल आपूर्ति, सीवरेज एवं अपशिष्ट प्रबंधन के लिए आईआईपी क्रमशः 110.0, 123.3, 131.0 और 145.7 रहा।

‘खाद्य उत्पादों के विनिर्माण’ उद्योग समूह में चाय, चावल (बासमती को छोड़कर) और सभी प्रकार के स्टार्च ने वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया। आधिकारिक बयान के अनुसार, जून 2026 के आईआईपी के त्वरित अनुमान जारी करने के साथ ही मई 2026 के आंकड़ों में भी अंतिम संशोधन किया गया है। यह संशोधन स्रोत एजेंसियों से प्राप्त अपडेटेड आंकड़ों के आधार पर किया गया है।

बयान में कहा गया है कि जून 2026 के त्वरित अनुमान और मई 2026 के अंतिम संशोधित आंकड़े क्रमशः 86.7 प्रतिशत और 93.1 प्रतिशत की वेटेड रिस्पॉन्स रेट के आधार पर तैयार किए गए हैं। बयान के अनुसार, जुलाई 2026 के आईआईपी के आंकड़े 28 अगस्त 2026 को जारी किए जाएंगे।

Exit mobile version