Entertainment

इंडी पॉप म्यूजिक मजबूरी से पैदा हुआ, कुमार सानू ने बताया 90 के दशक का सच

गायक कुमार सानू इन दिनों नए गाने ‘सुनियो जरा’ को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। गायक का कहना है कि भारत में इंडी पॉप म्यूजिक की शुरुआत मजबूरी से हुई थी।

दरअसल, आईएएनएस ने गाने के प्रमोशन के दौरान गायक से पूछा था कि क्या स्ट्रीमिंग के जरिए म्यूजिक के आसान होने से इंडी म्यूजिक फिर से लौट रहा है? इस पर उन्होंने कहा, “इसके दो-तीन कारण हैं। एक तो यह है कि यह बदलाव मजबूरी में होता है। मैं यह इसलिए कह रहा हूं क्योंकि जब कोई सिंगर अच्छा गाता है, फिर भी मेहनत के बाद उसे काम नहीं मिलता, तो मजबूरी में क्या होता है? लोग एल्बम बनाने की कोशिश करते हैं।”

उन्होंने अपनी बात अच्छे से समझाते हुए कहा, “उस समय लोग सोचते थे, ‘किसी तरह पैसे का जुगाड़ हो जाए। अगर इसमें सफलता मिल गई, तो शायद बॉलीवुड से ऑफर मिल जाए।’ उस समय सभी सिंगर्स की यही सोच चल रही थी।”

उन्होंने आगे कहा, “लोग एक-दूसरे से अलग थे। तो इसे आप सीधी भाषा में मजबूरी कहते हैं। इसी से बदलाव पैदा हुआ। सिंगल एल्बम का सिस्टम शुरू हुआ। फिर हिंदी फिल्म म्यूजिक ने कब्जा कर लिया।” कुमार सानू 90 के दशक के लोकप्रिय प्लेबैक सिंगर्स में गिने जाते हैं। उन्होंने 1991 से 1995 तक लगातार पांच बार फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायक का पुरस्कार जीता और 2009 में उन्हें पद्म श्री से सम्मानित किया जा चुका है।

हाल ही में उन्होंने सनी देओल की आगामी फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ का पहला गाना ‘सुनियो जरा’ गाया है। इस गाने की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें 90 के दशक के दिग्गज गायक कुमार सानू और उदित नारायण पूरे 21 साल बाद एक साथ अपनी आवाज देते नजर आए हैं। दोस्ती और पुरानी यादों पर आधारित इस गाने को प्रिया सरैया ने लिखा है और संगीत राही ने दिया है।

Exit mobile version