N1Live National गोरेगांव नेस्को कॉन्सर्ट ड्रग केस में जांच तेज, मुख्य आरोपी के पास मिली 15 लाख की खेप
National

गोरेगांव नेस्को कॉन्सर्ट ड्रग केस में जांच तेज, मुख्य आरोपी के पास मिली 15 लाख की खेप

Investigation in the Goregaon Nesco concert drug case intensifies, with the main accused found with a consignment of Rs 15 lakh.

23 अप्रैल । महाराष्ट्र में गोरेगांव नेस्को कॉन्सर्ट ड्रग मामले में अब जांच और तेज हो गई है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में मुख्य आरोपी आयुष के पास से बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हुआ है, जिसने केस को और गंभीर बना दिया है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी आयुष के पास से करीब 933 एमडीएमए की गोलियां बरामद की गई हैं। अंतरराष्ट्रीय मार्केट में इनकी कीमत 15 लाख रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। इतनी बड़ी खेप मिलने के बाद पुलिस अब इसे सिर्फ एक लोकल मामला नहीं मान रही, बल्कि इसके पीछे बड़े नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस जांच में अब इस बात पर फोकस कर रही है कि आखिर आयुष तक ये ड्रग्स पहुंची कैसे, यानी सप्लाई चेन की पूरी कड़ी को खंगाला जा रहा है, किसने माल दिया, कहां से आया और किन-किन लोगों तक इसे पहुंचाया जाना था?

पुलिस का कहना है कि यह मामला सिर्फ एक आरोपी तक सीमित नहीं है और इसमें और भी लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है।

बताया जा रहा है कि इस रैकेट के तार शहर के दूसरे इलाकों के साथ-साथ बाहर के राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस तकनीकी जांच, कॉल डिटेल्स और फाइनेंशियल ट्रेल भी खंगाल रही है।

गौरतलब है कि पिछले हफ्ते पुलिस ने मुख्य आरोपी आयुष विक्की (24 वर्ष) को रायगढ़ के पोलादपुर से गिरफ्तार किया था। वह अपने दो दोस्तों के साथ कार से गोवा भागने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़कर वनराई पुलिस को सौंप दिया था।

आरोप है कि आयुष ने मुंबई के गोरेगांव स्थित नेस्को सेंटर में हुए एक लाइव कंसर्ट में ‘एक्स्टसी’ बांटी थी, जिसके ओवरडोज से दो युवकों की मौत हो गई थी। इस मामले में अब तक छह से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

Exit mobile version