N1Live Entertainment ‘भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की अपूरणीय क्षति’, निर्देशक भारतीराजा के निधन पर पवन कल्याण ने जताया शोक
Entertainment

‘भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की अपूरणीय क्षति’, निर्देशक भारतीराजा के निधन पर पवन कल्याण ने जताया शोक

'Irreparable loss to the Indian film industry': Pawan Kalyan expresses grief over director Bharathiraja's demise.

तेलुगु अभिनेता और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने बुधवार को भारतीय सिनेमा के दिग्गज निर्देशक भारतीराजा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और इसे भारतीय फिल्म उद्योग के लिए अपूरणीय क्षति बताया। छह बार के राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक भारतीराजा के निधन पर शोक जताते हुए पवन कल्याण ने कहा कि यह भारतीय फिल्म जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह प्रसिद्ध और महान फिल्म निर्देशक, पद्मश्री सम्मानित कलाकार का जाना भारतीय सिनेमा के लिए बड़ा नुकसान है। पवन कल्याण ने कहा कि अपने अद्भुत फिल्मों के माध्यम से इस प्रतिभाशाली निर्देशक ने केवल तमिल दर्शकों ही नहीं, बल्कि तेलुगु, हिंदी और कन्नड़ दर्शकों के दिलों को भी जीता था।

उन्होंने कहा कि छह बार के राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता भारतीराजा ने भारतीय फिल्म जगत पर अपनी एक अलग छाप छोड़ी है। पवन कल्याण ने यह भी याद किया कि भक्तिमय फिल्म ‘आराधना’, जिसमें उनके बड़े भाई मेगास्टार चिरंजीवी ने अभिनय किया था, और फिल्म ‘सीताकोक चिलुका’ जैसी राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्में आज भी दर्शकों के दिलों में बसी हुई हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीराजा हमेशा ग्रामीण जीवन और मानवीय संबंधों को पर्दे पर बेहतरीन तरीके से दिखाने वाले निर्देशक के रूप में याद किए जाएंगे। पवन कल्याण ने कहा, ”ऐसे महान रचनात्मक निर्देशक का जाना भारतीय फिल्म उद्योग के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मैं उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करता हूं और उनके परिवार तथा प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता हूं।”

तमिल सिनेमा के दिग्गज निर्देशक भारतीराजा का बुधवार सुबह चेन्नई में निधन हो गया। वे 84 वर्ष के थे। पद्मश्री से सम्मानित इस निर्देशक को तमिल और भारतीय सिनेमा में ट्रेंडसेटर माना जाता है और वे पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। उनके निधन पर फिल्म जगत से लगातार शोक संदेश आ रहे हैं।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन बुधवार को सबसे पहले उनके आवास पर श्रद्धांजलि देने पहुंचे। कई अन्य फिल्मी हस्तियों ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

Exit mobile version