N1Live Entertainment जयंती पर मदन मोहन और सतीश शाह को याद कर भावुक हुए जैकी श्रॉफ, श्रद्धांजलि देते हुए शेयर की पोस्ट
Entertainment

जयंती पर मदन मोहन और सतीश शाह को याद कर भावुक हुए जैकी श्रॉफ, श्रद्धांजलि देते हुए शेयर की पोस्ट

Jackie Shroff gets emotional remembering Madan Mohan and Satish Shah on their birth anniversaries; shares a post to pay tribute.

हिंदी सिनेमा के संगीतकार मदन मोहन और अभिनेता सतीश शाह की जयंती के अवसर पर अभिनेता जैकी श्रॉफ ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सोशल मीडिया पर दोनों को याद करते हुए पोस्ट साझा किए।

जैकी श्रॉफ ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर दो पोस्ट किए। इसमें पहले पोस्ट में महान संगीतकार मदन मोहन को श्रद्धांजलि दी गई। इस पोस्ट में उन्होंने मदन मोहन की एक ब्लैक एंड वाइट तस्वीर शेयर की और बैकग्राउंड म्यूजिक के तौर पर ‘हम प्यार में जलने वालों को’ गाने का इस्तेमाल किया। इस पोस्ट के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, “हम मदन मोहन जी को उनकी जयंती पर याद कर रहे हैं।”

दूसरे पोस्ट में जैकी श्रॉफ ने अभिनेता सतीश शाह को याद करते हुए उनकी भी ब्लैक एंड वाइट फोटो शेयर की और इसके साथ बांसुरी की मधुर धुन वाला ‘मोक्ष’ संगीत सुनाई दे रहा है। इस पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा, ”सतीश शाह जी को उनकी जयंती पर याद करते हुए।”

मदन मोहन भारतीय फिल्म संगीत के उन चुनिंदा संगीतकारों में गिने जाते हैं, जिनके गाने आज भी लोकप्रिय हैं। उनका जन्म 25 जून 1924 को बगदाद में हुआ था। उन्होंने हिंदी सिनेमा को कई सदाबहार गाने दिए। ‘लग जा गले’, ‘नैना बरसे रिमझिम रिमझिम’, ‘आपकी नजरों ने समझा’ और ‘तुम जो मिल गए हो’ जैसे गाने लोगों की आज भी पहली पसंद बने हुए हैं।

वहीं, सतीश शाह की बात करें, तो उन्होंने अपने अभिनय से फिल्मों और दूरदर्शन दोनों माध्यमों में अलग पहचान बनाई। उनका जन्म 25 जून 1951 को हुआ था। उन्होंने अपने लंबे अभिनय सफर में कई यादगार भूमिकाएं निभाईं। ‘जाने भी दो यारों’, ‘हम आपके हैं कौन’, ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’, ‘कल हो ना हो’ और ‘मैं हूं ना’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को खूब सराहा गया।

दूरदर्शन में सतीश शाह का नाम खास तौर से सीरियल ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ के कारण याद किया जाता है। इस शो में उन्होंने इंद्रवदन साराभाई का किरदार निभाया था, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया।

Exit mobile version