N1Live Entertainment जैकी श्रॉफ ने राज बब्बर को उनके 74वें जन्मदिन पर दी बधाई
Entertainment

जैकी श्रॉफ ने राज बब्बर को उनके 74वें जन्मदिन पर दी बधाई

Jackie Shroff wished Raj Babbar on his 74th birthday.

बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ ने अभिनेता-राजनेता राज बब्बर को उनके 74वें जन्मदिन के अवसर पर सोशल मीडिया के जरिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। राज बब्बर 23 जून को अपना 74वां जन्मदिन मना रहे हैं। अभिनेता जैकी श्रॉफ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दिग्गज अभिनेता और राजनेता राज बब्बर की एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पोस्ट के कैप्शन में “वार्म विशेज” लिखा और राज बब्बर को टैग भी किया।

जैकी श्रॉफ द्वारा साझा की गई तस्वीर में युवा राज बब्बर सफेद टक्सीडो और बो-टाई पहने नजर आ रहे हैं। 23 जून 1952 को जन्मे राज बब्बर ने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से अभिनय की शिक्षा प्राप्त की। उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत फिल्म ‘किस्सा कुर्सी का’ से की और बाद में हिंदी तथा पंजाबी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई।

अपने लंबे करियर में उन्होंने इंसाफ का तराजू, निकाह, आज की आवाज, अगर तुम न होते, जिद्दी, बरसात, याराना और आंखें जैसी फिल्मों में अपने शानदार अभिनय से दर्शकों और समीक्षकों की खूब सराहना बटोरी। निजी जीवन में राज बब्बर की पत्नी प्रसिद्ध रंगकर्मी और अभिनेत्री नादिरा बब्बर हैं। दोनों के दो बच्चे हैं- बेटी व थिएटर अभिनेत्री और निर्माता जूही बब्बर तथा बेटा अभिनेता आर्य बब्बर हैं। अभिनेता अनूप सोनी जूही बब्बर के पति हैं और इस तरह राज बब्बर के दामाद हैं।

राज बब्बर और दिवंगत अभिनेत्री स्मिता पाटिल की प्रेम कहानी 1980 के दशक में काफी चर्चा में रही थी। स्मिता पाटिल और राज बब्बर के पुत्र प्रतीक स्मिता पाटिल भी फिल्म अभिनेता हैं। स्मिता पाटिल का 1986 में बेटे प्रतीक के जन्म के कुछ समय बाद निधन हो गया था। काम के मोर्चे पर राज बब्बर को आखिरी बार पारिवारिक कॉमेडी-ड्रामा वेब सीरीज ‘हैप्पी फैमिली: कंडीशंस अप्लाई’ में देखा गया था, जिसमें उन्होंने मनसुखलाल ढोलकिया का किरदार निभाया था।

Exit mobile version