14 फरवरी । राजस्थान की राजधानी जयपुर के चाकसू क्षेत्र में कोटा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-52) पर शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में एक महिला सहित पांच लोगों की मौत हो गई।
दुर्घटना सुबह करीब 5:30 बजे चाकसू के तिगारिया मोड़ के पास हुई, जब मध्य प्रदेश के जबलपुर से जयपुर की ओर आ रही एक कार आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
चाकसू पुलिस स्टेशन के एसएचओ मनोहर लाल मेघवाल के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार चालक को संभवतः झपकी आ गई थी, जिसके चलते वाहन अनियंत्रित होकर ट्रेलर से टकरा गया।
हादसे में एक महिला सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान अखिलेश श्रीवास्तव की पत्नी रेशमा श्रीवास्तव, पीयूष राय, राहुल तथा ड्राइवर अनुराग के रूप में हुई है। पांचवें मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
सभी मृतक मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले थे और किसी निजी कार्य से जयपुर आ रहे थे।
दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दुर्घटना राहत दल मौके पर पहुंचे।
क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को धीरे-धीरे सामान्य किया गया। सभी शवों को चाकसू उप-जिला अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है।
परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।

