N1Live Entertainment जमील खान ने कलाकारों के रवैये पर कहा- ‘स्टार होने का मतलब नखरे करना नहीं’
Entertainment

जमील खान ने कलाकारों के रवैये पर कहा- ‘स्टार होने का मतलब नखरे करना नहीं’

Jameel Khan commented on the attitude of artists, saying, "Being a star doesn't mean throwing tantrums."

17 जून । अभिनेता जमील खान इन दिनों वेब सीरीज ‘गुल्लक’ के पांचवें सीजन को लेकर चर्चा में हैं। इस सीजन में उनके काम को दर्शकों से खूब सराहना मिल रही है। शो के प्रचार के दौरान उन्होंने आईएएनएस के साथ बातचीत की और सेट पर कलाकारों और पूरी यूनिट के बीच संबंधों को लेकर अपनी राय रखी।

जमील खान ने कहा, ”कलाकारों का कैमरे के सामने सहज और आत्मविश्वास से भरा होना बेहद जरूरी है, क्योंकि कैमरा बहुत बारीकी से हर चीज को पकड़ लेता है। अगर कोई कलाकार थोड़ी भी असहजता महसूस करता है, तो उसका असर उसके चेहरे, हाव-भाव और अभिनय में दिखाई देने लगता है। यही वजह है कि सेट पर मौजूद पूरी टीम लगातार इस कोशिश में लगी रहती है कि कलाकारों को किसी तरह की परेशानी न हो। चाहे उनकी सुविधा का ध्यान रखना हो, समय पर जरूरत की चीजें उपलब्ध करानी हों या ऐसा माहौल बनाना हो जिसमें वे अपने किरदार पर पूरी तरह ध्यान दे सकें, हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी निभाता है।”

उन्होंने कहा, ”एक कलाकार की आवाज, उसकी ऊर्जा और उसका मानसिक संतुलन भी अभिनय के लिए बहुत महत्वपूर्ण होता है। इसलिए यूनिट के लोग यह सुनिश्चित करते हैं कि कलाकार पर अनावश्यक दबाव न पड़े। यह किसी विशेष व्यक्ति को खुश करने के लिए नहीं किया जाता, बल्कि इसलिए किया जाता है ताकि वह अपने किरदार को बेहतर तरीके से निभा सके।”

जमील ने कहा, ”कई बार कुछ कलाकार इसको गलत तरीके से समझ लेते हैं। उन्हें लगता है कि पूरी टीम उनकी सेवा इसलिए कर रही है क्योंकि वे बड़े सितारे हैं। यही सोच धीरे-धीरे घमंड और नखरों में बदल जाती है। जब कोई कलाकार अपने साथ काम करने वाले लोगों के प्रति अहंकार दिखाता है या बिना मतलब की मांगें करने लगता है, तो यह पूरी तरह गलत है।”

जमील खान ने कहा, ”कलाकारों को यह समझना चाहिए कि उन्हें मिलने वाली सुविधाएं और सम्मान उनके काम को बेहतर बनाने के लिए हैं। यह पूरी टीम का सामूहिक प्रयास होता है ताकि पर्दे पर उनका प्रदर्शन प्रभावशाली दिखे। अगर कलाकार इस बात को समझ लें, तो वे कभी भी सेट पर नखरे नहीं दिखाएंगे और न ही दूसरों के साथ गलत व्यवहार करेंगे। सफलता के साथ विनम्रता भी उतनी ही जरूरी है।”

Exit mobile version