नई दिल्ली, यानिक सिनर विंबलडन के पुरुष एकल का खिताब लगातार दूसरी बार जीतने में सफल रहे हैं। सिनर ने फाइनल मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव को 6-7(7), 7-6(2), 6-3, 6-4 से हराया।
सिनर ने अपने करियर में यह पांचवां ग्रैंड स्लैम जीता है। ज्वेरेव के खिलाफ यह सिनर की लगातार 10वीं जीत रही। वह विंबलडन पुरुष एकल के खिताब का बचाव करने वाले 10वें खिलाड़ी बन गए हैं। विंबलडन 2026 के खिताबी मुकाबले का पहला सेट बेहद रोमांचक रहा। सिनर और ज्वेरेव के बीच में कड़ी टक्कर देखने को मिली और मुकाबला टाई ब्रेकर तक पहुंचा। अपने दमदार फोरहैंड शॉट के बूते ज्वेरेव टाई ब्रेकर को अपने नाम करने में सफल रहे।
दूसरे सेट में सिनर ने वापसी की और स्कोर को एक-एक सेट की बराबरी पर ला दिया। यह सेट भी टाई ब्रेकर तक पहुंचा, लेकिन अंत में सिनर इस सेट में बाजी मारने में सफल रहे। तीसरे सेट में ज्वेरेव को पहला ब्रेक प्वाइंट मिला। हालांकि, इसी दौरान ज्वेरेव सिनर के ड्रॉप शॉट पर फिसलकर कोर्ट पर गिर पड़े, जिसके चलते वह अपने दाहिने घुटने को पकड़कर दर्द से कराहते नजर आए। गनीमत यह रही कि इलाज के बाद ज्वेरेव फिर से कोर्ट पर लौट आए और उन्होंने सिनर से कड़ा मुकाबला किया।
तीसरे सेट में सिनर बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने सेट को 6-3 से अपने नाम किया। चौथे सेट में सिनर ज्वेरेव की सर्विस तोड़ने में सफल रहे और उन्होंने मुकाबले में 4-3 की बढ़त बनाई। इसके बाद सिनर ने ज्वेरेव को वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया और सेट को 6-4 से जीतने के साथ ही विंबलडन 2026 के पुरुष एकल का खिताब अपने नाम कर लिया।
जीत के बाद सिनर बेहद खुश दिखाई दिए और उन्होंने अपनी जीत का जमकर जश्न मनाया। तीसरे सेट में चोटिल होने का असर ज्वेरेव के खेल में साफतौर पर नजर आया। वह कोर्ट पर संघर्ष करते हुए दिखाई दिए। सिनर ने पिछले साल कार्लोस अल्काराज को हराकर विंबलडन 2025 के खिताब पर कब्जा जमाया था।


Leave feedback about this