February 24, 2026
National

झारखंड निकाय चुनावः सरायकेला में सर्वाधिक 75.35 और रांची में सबसे कम 43.28 प्रतिशत वोट पड़े

Jharkhand civic polls: Saraikela recorded the highest voter turnout at 75.35 per cent and Ranchi the lowest at 43.28 per cent.

झारखंड के 48 नगर निकायों में सोमवार को हुए मतदान में शाम 5 बजे तक कुल 61.83 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का इस्तेमाल किया है। सबसे अधिक मतदान सरायकेला-खरसावां जिले के सरायकेला नगर पंचायत में 75.35 प्रतिशत दर्ज किया गया, जबकि रांची नगर निगम में सबसे कम 43.28 प्रतिशत वोट पड़े।

राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी ने बताया कि मतदान के आंकड़ों की अंतिम गणना के बाद मत प्रतिशत में इजाफा होने की संभावना है। सर्वाधिक मतदान वाले निकायों की बात करें तो दुमका जिले के बासुकीनाथ नगर पंचायत में 74.18 प्रतिशत, रांची जिले के बुण्डू नगर पंचायत में 74 प्रतिशत तथा पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया नगर पंचायत में 72.90 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ।

उन्‍होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि छोटे नगर निकायों, विशेषकर नगर पंचायत क्षेत्रों में मतदाताओं का उत्साह अधिक रहा। बड़े शहरी क्षेत्रों में अपेक्षाकृत कम भागीदारी देखने को मिली। मेदिनीनगर नगर निगम में 57.41, देवघर नगर निगम में 52.92, धनबाद नगर निगम में 48 प्रतिशत, बोकारो जिले के चास नगर निगम में 49.76 प्रतिशत तथा हजारीबाग नगर निगम में 49.9 प्रतिशत मतदान हुआ।

नगर निगमों में गिरिडीह नगर निगम 60 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे आगे रहा। नगर परिषद श्रेणी में चतरा नगर परिषद में सर्वाधिक 68 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि साहेबगंज नगर परिषद में सबसे कम 57.58 प्रतिशत मतदान हुआ। अन्य अधिकांश नगर परिषदों में मतदान 60 प्रतिशत के आसपास या उससे अधिक रहा।

उन्होंने कहा कि राज्य के 4307 मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई थी और दोपहर बाद मतदान में तेजी देखने को मिली। सुबह 9 बजे 10.50 प्रतिशत से आरंभ हुआ मतदान 11 बजे तक 23.23 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 37.44 प्रतिशत और 3 बजे तक 50.61 प्रतिशत पहुंच गया। शाम 5 बजे तक यह आंकड़ा 61.83 प्रतिशत पर पहुंच गया, जो शहरी निकाय चुनाव के लिहाज से उत्साहजनक माना जा रहा है।

Leave feedback about this

  • Service