N1Live National झारखंड: चतरा में सड़क हादसे में चार नाबालिगों की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर 16 घंटे से सड़क जाम
National

झारखंड: चतरा में सड़क हादसे में चार नाबालिगों की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर 16 घंटे से सड़क जाम

Jharkhand: Four minors killed in road accident in Chatra, road blocked for 16 hours demanding compensation

13 मार्च । झारखंड के चतरा जिले के पिपरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत चिरैयाटांड़ में गुरुवार देर शाम हुए एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को मातम और आक्रोश में डुबो दिया है।

जानकारी के अनुसार, एक अनियंत्रित स्कार्पियो की चपेट में आने से बाइक सवार चार नाबालिगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद से ही स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा है। आक्रोशित लोगों ने गुरुवार रात से ही मुख्य सड़क को जाम कर रखा है, जो शुक्रवार दोपहर तक जारी है।

सड़क जाम होने के कारण कोयला ढुलाई और आम आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। हादसा उस समय हुआ जब चारों किशोर खलारी थाना क्षेत्र के भेलवाटांड़ से अपने घर पिपरवार के हफुवा बाराडीह गांव लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार स्कार्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और स्कार्पियो के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में विकास कुमार (15), मंजीत महतो (14) और प्रताप कुमार (15) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सोन कुमार (15) ने रिम्स ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतकों में तीन किशोर बाराडीह और एक हफुवा गांव का रहने वाला था। इस घटना के बाद हफुवा और बाराडीह गांव में चीख-पुकार और चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया है।

ग्रामीण दोषियों की गिरफ्तारी और उचित मुआवजे की मांग को लेकर शवों के साथ सड़क पर धरना दे रहे हैं। प्रदर्शनकारी पीड़ित परिवारों के लिए सरकारी नौकरी और क्षेत्र में भारी वाहनों की बेकाबू रफ्तार पर अंकुश लगाने की मांग पर अड़े हैं। प्रशासनिक स्तर पर स्थिति को संभालने के लिए पिपरवार पुलिस और स्थानीय अधिकारी कल रात से ही मौके पर डटे हुए हैं।

साथ ही, पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए उठाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने बिना ठोस आश्वासन के शव देने से इनकार कर दिया। अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच कई दौर की बातचीत हो चुकी है, जिसमें प्रशासन ने सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजे का आश्वासन दिया है। फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए वरीय अधिकारी ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं ताकि आवागमन सामान्य हो सके।

Exit mobile version