May 25, 2026
National

झारखंड : पलामू में कथित प्रेम प्रसंग से नाराज पिता ने बेटी की कुल्हाड़ी से की हत्या

Jharkhand: In Palamu, a father, upset over an alleged love affair, killed his daughter with an axe.

झारखंड के पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में अपनी बेटी के कथित प्रेम संबंध से नाराज एक पिता ने उसकी कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, लोहरा गांव निवासी अगस्त कुमार अपनी बेटी अंजलि के प्रेम संबंध को लेकर काफी नाराज था। कुछ दिनों पहले उसने बेटी को मोबाइल फोन पर किसी युवक से बात करते देख लिया था। इसके अलावा मोबाइल में कुछ तस्वीरें देखने के बाद घर में तनाव का माहौल बना हुआ था।

ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी पिता इसे परिवार की बदनामी मान रहा था। घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है। उस समय अंजलि अपने कमरे में सो रही थी। इसी दौरान पिता टांगी लेकर कमरे में पहुंचा और उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अंजलि की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के समय घर में उसकी मां और भाई भी मौजूद थे, लेकिन अचानक हुई घटना से वे कुछ समझ नहीं सके। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। सोमवार सुबह घटना की जानकारी फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतका के घर के बाहर जुट गए। घटना को लेकर इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल है।

सूचना मिलने पर लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave feedback about this

  • Service